दुद्धी(AKD/गिरीश तिवारी)-स्थानीय नगर पंचायत में विकास का पहिया इतनी तेजी से घूम रहा है कि उद्घाटन से पहले ही शिलापट्ट दीवार पर चिपक गया। 12 फरवरी को फीता कटना है, लेकिन 11 फरवरी को ही पत्थर अपनी जगह पा चुका है। पुरानी दीवार पर नई चमकती पट्टिका ने नगर में यह संदेश दे दिया है कि विकास अब तारीख का इंतजार नहीं करता।वार्ड संख्या 7 में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क की मरम्मत की चर्चा तो लंबे समय से थी, लेकिन इस बार कहानी में नया मोड़ यह है कि जो सड़क पहले डामर की थी, वह अब सीसी में तब्दील हो गई है।

सवाल यह नहीं कि सड़क बनेगी या नहीं, सवाल यह है कि डामर को अचानक सीसी में बदलने की प्रेरणा कहां से आई। 39.34 लाख रुपये की लागत दर्शाई गई है, और नगर में यह चर्चा है कि मजबूती की परिभाषा अब बजट के आकार से तय होगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि बीस साल से टूटी सड़क की सुध अब ली जा रही है, यह स्वागत योग्य है, लेकिन योजना का यह रूपांतरण समझ से परे है। कुछ लोग इसे विकास का नया अध्याय बता रहे हैं, तो कुछ इसे सरकारी धन की नई गणित मान रहे हैं।सबसे अधिक चर्चा इस बात पर है कि जब उद्घाटन 12 फरवरी को प्रस्तावित है, तो शिलापट्ट एक दिन पहले कैसे विराजमान हो गया। क्या यह उत्साह का परिणाम है या प्रक्रिया की जल्दबाज़ी।

नगरवासियों के बीच यह सवाल अब चाय की दुकानों से लेकर चौक चौराहों तक गूंज रहा है।इसी क्रम में पुरानी चर्च से अनिल जायसवाल के घर तक, डिहवार बाबा वार्ड 2 में श्री बंधु चौरसिया के घर से अंजनी सोनी के मकान तक सड़क निर्माण, श्रीराम लीला खेल मैदान की बाउंड्री तथा निर्माणाधीन वाचनालय के उद्घाटन की भी तैयारी है।

एक साथ कई कार्यों का शुभारंभ विकास की रफ्तार दर्शाता है, लेकिन प्रक्रियाओं की पारदर्शिता पर उठते सवाल भी अब चर्चा का विषय बन चुके हैं।
Author Profile

Latest entries
सम्पादकीयFebruary 11, 2026देश को एशिया कप दिलाने वाला दिव्यांग खिलाड़ी आज सहारे को मोहताज
सम्पादकीयFebruary 11, 2026दुद्धी में केवटान टोला सीसी रोड निर्माण पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जांच की मांग की
सम्पादकीयFebruary 11, 2026दुद्धी में उद्घाटन से पहले शिलापट्ट, 39 लाख की सड़क बनी चर्चा का विषय
सम्पादकीयFebruary 11, 2026दुद्धी में उद्घाटन से पहले शिलापट्ट, 39 लाख की सड़क बनी चर्चा का विषय