
सोनभद्र। फर्जी दस्तावेजों के सहारे स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मिर्जापुर ले जाने, स्क्रैप बेचने और बाद में ट्रक कटवाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरगवां, सिंगरौली से करीब 25 टन स्क्रैप आयरन लेकर ट्रक चुनार, मिर्जापुर के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में चालक को ट्रक से उतारकर वाराणसी भेज दिया गया, जिसके बाद ट्रक का कोई पता नहीं चला।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सीडीआर, एसडीआर, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और ट्रक के रूट की पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि ट्रक को योजना बनाकर मिर्जापुर ले जाया गया, जहां पहले उसमें लदा स्क्रैप बेच दिया गया और इसके बाद ट्रक को कबाड़ गोदाम में कटवा दिया गया। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की टीम ने मिर्जापुर में पीएसी 39वीं वाहिनी के गेट नंबर दो के सामने स्थित कबाड़ गोदाम पर दबिश देकर धीरज यादव, भरत लाल उर्फ बल्ला साहू और आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मौके से 5 लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये कीमत के ट्रक के कटे हुए कल-पुर्जे और अवशेष, चार मोबाइल फोन और बिना नंबर की काले रंग की TVS Sport मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद नकदी में भरत लाल के कब्जे से 4 लाख रुपये, जबकि धीरज यादव और आकाश गुप्ता के कब्जे से 50-50 हजार रुपये मिले हैं। बरामद ट्रक के कटे हिस्सों और चेसिस पहचान चिन्हों की वाहन स्वामी से पहचान भी कराई गई है। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपियों ने स्क्रैप की खरीद-फरोख्त और ट्रक कटवाने की योजना में कई लोगों के शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस ने बरामद चार मोबाइल फोन को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लेकर उनमें मौजूद बातचीत और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस नीरज यादव, उमाकांत यादव समेत अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। मामले में AASP सोनभद्र ऋषभ रुणवाल और पीड़ित ब्रह्मा प्रसाद पाण्डेय का बयान भी सामने आया है।
Author Profile

Latest entries
उत्तरप्रदेशSeptember 20, 2026भूसी की आड़ में ले जाई जा रही 4297 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
अपराधSeptember 20, 2026रजखड़ घाटी में शराब से लदा ट्रक पलटा, चालक फरार
उत्तर प्रदेशSeptember 20, 2026तालाब में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तरप्रदेशSeptember 20, 2026रंगमंच पर दिखेगी 25 साल की सेवा यात्रा
















