मानक के विपरीत सामग्री मिली तो कार्रवाई के निर्देश

Advertisement
HIGHLIGHTS
  • सोनभद्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर रविवार को अपर जिलाधिकारी ने सख्त
  • रुख अपनाया है।
  • नगर पालिका सोनभद्र और नगर पंचायत
  • चुर्क घुर्मा में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
Share

सोनभद्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर रविवार को अपर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पालिका सोनभद्र और नगर पंचायत चुर्क घुर्मा में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। कहीं निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप नहीं मिली तो कहीं साफ-सफाई व्यवस्था में कमी सामने आई। ADM ने मौके पर ही अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। मानक के विपरीत सामग्री मिलने पर कार्रवाई और भुगतान में नियमानुसार कटौती के भी निर्देश दिए गए। सोनभद्र में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर प्रशासन की पैनी नजर है। इसी कड़ी में अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद सोनभद्र और नगर पंचायत चुर्क घुर्मा क्षेत्र में चल रहे कई निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सबसे पहले नगर पालिका के वार्ड नंबर चार में वंदन योजना के तहत निर्माणाधीन चण्डी माता मंदिर का निरीक्षण किया गया। यहां तीन टिन शेड, बाउंड्री और गेट का निर्माण कराया जा चुका है। ADM ने फर्श पर कोटा स्टोन, सीसी रोड, प्रकाश व्यवस्था और खाली स्थानों पर पौधरोपण का काम बेहतर तरीके से कराने के निर्देश दिए। जल निकासी के लिए अनावश्यक नाली बनाने के बजाय परिसर में उचित ढाल देने को कहा गया, ताकि बारिश और धुलाई का पानी स्वतः बाहर निकल सके। मंदिर की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए पत्थर और पेंटिंग का चयन करने के भी निर्देश दिए गए। लेकिन निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर के बाहर रखी मोरम और गिट्टी की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। इस पर ADM ने साफ निर्देश दिया कि निर्माण में केवल मानक के अनुरूप मोटी या मध्यम दर्जे की मोरम का इस्तेमाल किया जाए। गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इसके बाद वार्ड में स्थित तालाब पर निर्माणाधीन घाट का निरीक्षण किया गया। तालाब के चारों भीटों पर पीचिंग का काम कराया गया है, लेकिन फिलहाल कार्य बंद मिला। तालाब में जलकुंभी और वनस्पतियां मिलने पर सफाई कराने के निर्देश दिए गए। सीढ़ियों के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री इस्तेमाल करने और काम दोबारा शुरू होने पर सूचना देने को कहा गया। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के पास सीएंडडीएस से बन रहे कल्याण मंडपम् में भी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए। निरीक्षण में मोरम और ईंट निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं मिली। मौके पर अवर अभियंता भी मौजूद नहीं थे। ADM ने परियोजना प्रबंधक को सामग्री की जांच कराने और मानक के विपरीत सामग्री मिलने पर संबंधित ठेकेदार के बिल से नियमानुसार कटौती करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पंचायत चुर्क घुर्मा में शिव मंदिर परिसर, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, छठ घाट और वैश्विक नगरोदय योजना से बने पार्क का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर में आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए भी आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। चुर्क तिराहे के पास निर्माणाधीन दुकानों और डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण हुआ। ADM ने अधिकारियों को परियोजना पूरी होने तक नियमित निगरानी और अपने निर्देशन में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के मुताबिक अंतिम किश्त शासन से अभी प्राप्त नहीं हुई है। अंतिम किश्त मिलने के बाद बाकी काम भी निर्धारित मानक और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News
SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Public Bharat News
Public Bharat News
Public Bharat News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा खबरें