इंकलाब के नारों से गूंजा सोनभद्र, देर रात तक चला ऐतिहासिक कवि सम्मेलन

Share

AKD।गिरीश तिवारी

सोनभद्र। तियरा कलां में 23 मार्च को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और क्रांतिकारी ऊर्जा का संचार कर दिया। श्रीमती लता देवी वात्सल्य एवं जन सेवा सहयोग समिति के तत्वाधान में आयोजित इस 40वें समारोह में जनसमूह देर रात तक जुटा रहा और इंकलाब जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत आयोजक अरुण पांडे के नेतृत्व में शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। इसके बाद नर्वदेश्वर स्मृति पुरस्कार का वितरण किया गया, जहां स्वर्गीय नर्वदेश्वर देव पांडेय को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद शुरू हुआ कवि सम्मेलन, जिसने रात को विचारों की क्रांति में बदल दिया। मंच पर आए कवियों ने अपनी ओजस्वी और मार्मिक रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा और समाज व व्यवस्था पर तीखे प्रहार किए।
कवयित्री कौशल्या चौहान ने देशभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियों से जोश भर दिया। जौनपुर से आईं सारिका श्रीवास्तव ने जीवन की विडंबनाओं को गहराई से प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावुक कर दिया। डॉ. सीमा सिंह ने राष्ट्र समर्पण की भावना को स्वर दिया, जबकि कमलेश खांबे ने शहीदों के साहस को याद कर माहौल को जोश से भर दिया।नवोदित कवि अर्पित शुक्ला की ओजपूर्ण प्रस्तुति ने युवाओं में उत्साह जगाया। ओम प्रकाश त्रिपाठी ने व्यवस्था पर करारा प्रहार करते हुए देशहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया, जिस पर तालियों की गूंज देर तक सुनाई देती रही। दिलीप सिंह ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से महफिल लूट ली, जबकि शायर विवेक चतुर्वेदी ने समकालीन रिश्तों की सच्चाई को शायरी के माध्यम से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का संचालन अशोक तिवारी ने प्रभावशाली अंदाज में किया और पूरे माहौल को ऊर्जावान बनाए रखा। अध्यक्षता कर रहे शिवदास जी ने मातृभूमि के प्रति समर्पण से भरी रचना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को ऊंचाई दी। संयोजक प्रद्युम्न त्रिपाठी ने भोजपुरी के ओजपूर्ण स्वर में शहीदों की वीरता को जीवंत कर दिया।समापन पर आयोजक अरुण पांडे ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि शहीदों के सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प है। इस अवसर पर रवि चौबे, श्रीकांत त्रिपाठी, रमाकांत देव, सत्य प्रकाश सिंह, विकास पांडेय, जगदीश शुक्ला, ओम प्रकाश, संतोष त्रिपाठी, शुभम त्रिपाठी, अनुज त्रिपाठी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *