सोनभद्र: आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट के बाद सनसनीखेज वारदात का खुलासा

Share

शक्तिनगर/सोनभद्र(रवि सिंह/गिरीश तिवारी)-: स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत हैलीपैड रोड स्थित झरना बस्ती के आगे मोड़ पर पुलिस और लूटकांड में शामिल अपराधी आमने-सामने थे। कुछ ही पलों में वह राज खुल गया, जिसने 15 नवंबर को बस स्टैंड काली मंदिर के पास हुई जेवरात लूट की घटना को रहस्यमय बना रखा था। थाना शक्तिनगर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल होकर धर दबोचा गया, जबकि उसके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और अवैध हथियार बरामद हुए

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे को मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल एक युवक झरना बस्ती मोड़ के पास किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तड़के करीब 1:10 बजे घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।

घायल आरोपी की पहचान साजन पुत्र राजन, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी बस स्टैंड काली मंदिर के पास, थाना शक्तिनगर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से .32 बोर की पिस्टल, दो खोखा कारतूस और लूटे गए जेवरात बरामद किए गए, जिनमें पायल, सिकड़ी, तावीज, बिछिया, बच्चों का चुड़िला, लॉकेट, चार तल्ला झुमका और नाक की रिंग शामिल हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी अनपरा भेजा गया, जहां वह इलाजरत है।पूछताछ में जो कहानी सामने आई, उसने लूट की परत-दर-परत साजिश को उजागर कर दिया। आरोपी ने बताया कि लूट की योजना रोशन के घर पर बनाई गई थी, जिसमें वह, सोनू, रोशन और रोहित शामिल थे। दुकान बंद होने की सूचना रोहित देता था और रास्ते में रोशन व सोनू ने सोनार को असलहे के बल पर भयभीत कर जेवरात से भरा बैग लूट लिया।

इतना ही नहीं, इसी गिरोह ने झारखंड के नगर उटारी में भी इसी तरह की एक और लूट को अंजाम दिया, जहां फायरिंग में सोनार घायल हुआ था।इस सनसनीखेज मामले में रोशन कुमार, सोनू और रोहित अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संगीन धाराएं बढ़ाई गई हैं। आधी रात की इस मुठभेड़ ने न सिर्फ लूटकांड के रहस्य से पर्दा उठाया है, बल्कि अपराधियों के नेटवर्क को भी बेनकाब कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *