SOG की बड़ी चूक निर्दोष युवक को उठाने की कोशिश, हंगामा

Share

सोनभद्र(AKD/गिरीश तिवारी)-सोनभद्र पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप SOG टीम ने मोबाइल टावर की बैटरी चोरी के एक आरोपी की तलाश के दौरान कुछ ऐसा कर दिया की मौके पर हड़कंप मच गया। सूत्रों की माने तो टीम ने एक निर्दोष युवक को गलती से हिरासत में लेने का प्रयास किया। जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों व सूत्रों की बातों पर गौर करें तो रात करीब 8:45 बजे सोनभद्र से आई SOG की चार सदस्यीय टीम सादे कपड़ों में सुल्तानपुर जिले के पयागीपुर चौराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम ने चाट की दुकान के पास खड़े चंदन मौर्य नामक युवक को रोका। चंदन मौर्य करौदी कला थाना क्षेत्र के रामसापुर गांव का निवासी है। बताया गया कि SOG टीम के जवानों ने युवक को पूछताछ के लिए अलग ले जाने की कोशिश की। जब चंदन मौर्य ने खुद को निर्दोष बताते हुए विरोध किया और साथ चलने से इंकार किया, तो पुलिसकर्मियों ने जबरन उसे पकड़ लिया और गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगे। इस कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद लोग इकट्ठा हो गए और युवक के समर्थन में आवाज़ उठाने लगे।घटना की सूचना मिलते ही करौदी कला थाना प्रभारी संदीप राय अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी को बताया कि युवक का किसी भी चोरी की घटना से कोई संबंध नहीं है और उसे बिना ठोस कारण पकड़ा जा रहा है।मामले की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि चंदन मौर्य मोबाइल टावर की बैटरी चोरी के मामले में वांछित आरोपी नहीं है। इसके बाद SOG टीम ने युवक को छोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान में भ्रम के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।घटना के बाद कुछ देर तक चौराहे पर तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आंतरिक समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी गलती न दोहराई जाए।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *