
सोनभद्र। खनन पट्टे से जुड़े दस्तावेजों में कूटरचना, फर्जी हस्ताक्षर और कथित धोखाधड़ी के मामले में वांछित पूर्व सपा नेता व खनन कारोबारी इश्तियाक खान को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। ओबरा पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुंबई के चूनाभट्टी थाना क्षेत्र स्थित प्रियदर्शनी बस स्टॉप के पास से गिरफ्तारी की।पुलिस के मुताबिक मामला बिल्ली-मारकुंडी स्थित खनन पट्टे से जुड़ा है। रिंकी श्रीवास्तव के नाम पर 10 वर्ष की अवधि का खनन पट्टा स्वीकृत और पंजीकृत है। आरोप है कि पट्टे से संबंधित विभागीय एवं अभिलेखीय कार्यवाही के दौरान कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर, कूटरचित शपथ पत्र, आवेदन और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के मुकदमे में खनन पट्टे से जुड़े हिसाब-किताब में हेराफेरी और गबन के आरोप भी शामिल हैं।वादी सुधीर कुमार श्रीवास्तव की शिकायत पर ओबरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस इश्तियाक खान की तलाश कर रही थी। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश के दौरान मुंबई में मौजूदगी की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम वहां पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर इश्तियाक खान को सोनभद्र न्यायालय में पेश किया। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेजने का आदेश दिया।मामले में अधिवक्ता विकास शाक्य के मुताबिक रिंकी श्रीवास्तव के नाम पर फर्म में खनन लीज का पट्टा था। उनके अनुसार रिंकी श्रीवास्तव के नाम से जुड़े मोबाइल नंबर और ओटीपी के कथित दुरुपयोग के आरोप में इश्तियाक खान को आरोपी बनाया गया है। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि मामले में फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचना से जुड़े आरोप हैं तथा विवेचना अभी जारी है।
Author Profile

Latest entries
उत्तरप्रदेशSeptember 10, 2026नगर पंचायत से परमिशन नहीं लेने का मेला प्रदर्शनी संचालक पर आरोप
उत्तरप्रदेशSeptember 10, 2026दुद्धी ब्लॉक शिक्षक संघ को मिली नई टीम, शिक्षकों ने लिया संगठन मजबूत करने का संकल्प
उत्तरप्रदेशSeptember 10, 2026नहाकर लौट रही वृद्ध महिला को जहरीले सांप ने डसा, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
उत्तरप्रदेशSeptember 10, 2026खनन लीज फर्जीवाड़े में इश्तियाक खान गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए जेल
















