त्योहारों पर सुरक्षा का पहरा, जिले में पुलिस की सख्त चौकसी

Share

रिपोर्ट AKD

त्योहारों का मौसम है बाजारों में रौनक बढ़ गई है, लोग खरीदारी में जुटे हैं और माहौल पूरी तरह त्योहारमय है। लेकिन इसी बीच सुरक्षा की चुनौती भी बढ़ जाती है। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। खुद पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा कमान संभाले हुए हैं और जिले के हर कोने पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिले में धनतेरस और दीपावली को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। मुख्य बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी खास तैयारी की गई है। पुलिस टीम लगातार बाजारों में पैदल गश्त कर रही है ताकि त्योहारों की भीड़ के बीच कोई अप्रिय घटना न हो। एसपी अभिषेक वर्मा खुद नियंत्रण कक्ष से हालात की निगरानी कर रहे हैं।

सीसीटीवी कैमरों के ज़रिए जिले के हर प्रमुख चौराहे, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाके पर नजर रखी जा रही है। थानों में अलर्ट जारी किया गया है और हर थाने को अपनी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। त्योहारों के दौरान पुलिस चौकियों पर गश्त बढ़ाने के साथ चेकिंग अभियान भी तेज़ कर दिया गया है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को लेकर एक प्रभावी सुरक्षा योजना बनाई गई है। सभी सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक की गई है ताकि उनकी दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया गया है कि बाजारों में आने-जाने वाले हर शख्स पर नजर रखी जाए। त्योहारों के दौरान चोरी, जेबकतरी या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर रोक लगाने के लिए गुप्तचरों को भी सक्रिय किया गया है। त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री और नशे में स्टंटबाजी करने वालों पर भी पुलिस की खास नजर है। एसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि ऐसे तत्वों पर तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि त्योहार का माहौल खराब न हो।

एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि जिले में इस समय 15 लाइसेंस प्राप्त पटाखा दुकानों को अनुमति दी गई है। जो भी व्यक्ति बिना अनुमति या सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना पटाखों की बिक्री करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट पर रखा गया है और जहां-जहां पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं, वहां सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। धनतेरस और दीपावली के लिए हमने प्रभावी योजना बनाई है। सर्राफा बाजारों, पटाखा दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की विशेष निगरानी की जा रही है। कोई भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने या अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की निगरानी है।

साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है। किसी भी तरह के भ्रामक संदेश या अफवाह पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों की खुशियां सभी के लिए हैं, लेकिन इन खुशियों के बीच सुरक्षा सबसे जरूरी है। पुलिस का संदेश साफ है त्योहार मनाएं, लेकिन नियमों का पालन करें। त्योहारों की रौनक में अब सुरक्षा का यह कवच आमजन को भरोसा देता है कि सोनभद्र में अमन-चैन के साथ दीपावली की रोशनी और भी जगमगाएगी।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *