सोनभद्र(AKD/गिरीश तिवारी)-जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाराणसी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चोरी गए लाखों रुपये के जेवरात बरामद करते हुए एक आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने इस सराहनीय कार्य के लिए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।दरअसल, बलरामपुर जिले के व्यापारी गिरीश कुमार सोनी ने 15 अक्टूबर को थाना रॉबर्ट्सगंज में तहरीर दी थी कि जब वह वाराणसी से अपने गृह जनपद लौट रहे थे, तभी बस में रखे उनके बैग से करीब 140 ग्राम सोना और तीन किलो चांदी के जेवरात चोरी हो गए। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की। एसओजी और सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई और पता लगाया कि यह चोरी किसी सामान्य चोर की नहीं बल्कि संगठित अंतरराज्यीय गिरोह की करतूत थी, जो वाराणसी से लेकर मध्यप्रदेश तक सक्रिय था।इसी क्रम में पुलिस ने 6 नवंबर की रात मध्यप्रदेश के धार जनपद के मानवर थाना क्षेत्र से एक आरोपी सफीक खान पुत्र हसन अली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 131 ग्राम सोना और लगभग 2.9 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, सफीक खान अपने तीन साथियों — बाबिर, अशफाक और आबिद — के साथ वाराणसी आया था। चारों ने व्यापारी का पीछा किया और बस के रुकने पर मौका पाकर बैग से जेवरात चोरी कर फरार हो गए।पुलिस अब फरार तीनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। पूरी कार्रवाई में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त भूमिका रही।एएसपी सोनभद्र अनिल कुमार ने बताया कि बलरामपुर के व्यापारी गिरीश सोनी ने वाराणसी से लौटते समय बस में रखे बैग से जेवर चोरी होने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर जांच की गई और टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से एक आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर चोरी गए जेवर बरामद कर लिए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, पीड़ित व्यापारी गिरीश कुमार सोनी ने कहा कि मैं वाराणसी से लौटते समय बस से रॉबर्ट्सगंज उतरा था। भोजन करने के दौरान किसी ने बैग से जेवरात निकाल लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मेरी चोरी का खुलासा किया, इसके लिए मैं सोनभद्र पुलिस का आभारी हूँ।
Author Profile

Latest entries
Breaking_NewsJune 23, 2026मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
Breaking_NewsJune 23, 2026शराब के नशे में बाइक चालक ने माँ-बेटे को कुचला, तीन घायल
Breaking_NewsJune 22, 2026घरेलू कलह में बेटे ने छीनी पिता की सांस, डंडे के वार से हुई मौत
Breaking_NewsJune 22, 2026एक करोड़ 16 लाख रुपये मूल्य की गांजे की खेप बरामद, पुलिस को मिली बड़ी सफलता
