नहर परियोजना में करंट से मजदूर की मौत, कंपनी पर लापरवाही का आरोप

Share

रिपोर्ट रवि सिंह

दुद्धि। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोलीनडूबा निवासी विजय कुमार यादव पुत्र नंदकिशोर यादव की दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार विजय कुमार यादव की मृत्यु बिजली का करंट लगने से हो गई। यह हादसा थाना कोन क्षेत्र के कुडवा ग्राम सभा में चल रही नहर परियोजना के कार्यस्थल पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों की माने तो विजय कुमार यादव एमएस कंपनी में मजदूरी का कार्य करते थे। कार्य के दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आनन-फानन में कंपनी के कर्मचारियों द्वारा उन्हें सरकारी अस्पताल विंढमगंज लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को देखकर यह स्पष्ट प्रतीत हो रहा था कि वह बिना किसी सुरक्षा उपकरण के कार्य कर रहे थे। लोगों का आरोप है कि एमएस कंपनी द्वारा मजदूरों को किसी भी प्रकार की सेफ्टी किट, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट या अन्य सुरक्षा साधन उपलब्ध नहीं कराए गए थे। मजदूरों द्वारा कई बार कंपनी प्रबंधन से सुरक्षा उपकरणों की मांग की गई, लेकिन हर बार उनकी मांग को नजरअंदाज कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर परियोजना में ऊंचाई और बिजली से जुड़े जोखिम भरे कार्य बिना सुरक्षा इंतजामों के कराए जा रहे हैं, जिससे मजदूरों की जान लगातार खतरे में बनी रहती है। आज हुई यह दुर्घटना उसी लापरवाही का परिणाम बताई जा रही है। मृतक विजय कुमार यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे छोटे-छोटे बच्चे और परिवार छोड़ गए हैं। अब उनके भरण-पोषण की जिम्मेदारी कैसे पूरी होगी, यह सबसे बड़ा और चिंताजनक सवाल बना हुआ है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को लगभग शाम 4 बजे की बताई जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या कंपनी प्रबंधन पर कोई कार्रवाई होगी, या यह मामला भी अन्य हादसों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने की मांग जोर पकड़ रही है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *