संघर्ष से सफलता तक,सोनभद्र की खुशबू सोनी बनीं बीडीओ, 26वीं रैंक से बढ़ाया मान

Share

AKD।गिरीश तिवारी

सोनभद्र। जनपद से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। राबर्ट्सगंज मेन मार्केट की रहने वाली खुशबू सोनी ने यूपी पीसीएस परीक्षा में 26वीं रैंक हासिल कर बीडीओ पद प्राप्त किया है। उनकी यह सफलता संघर्ष, मेहनत और परिवार के सहयोग की मिसाल बन गई है। खुशबू सोनी की शुरुआती पढ़ाई सोनभद्र में ही हुई। उन्होंने वर्ष 2018 में राजकीय महाविद्यालय ओबरा से गणित विषय में बीएससी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और अपने लक्ष्य को पाने के लिए लगातार मेहनत करती रहीं।उनका यह सफर आसान नहीं रहा। कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वर्ष 2022 में पिता के निधन ने उन्हें अंदर से झकझोर दिया, उस समय वे प्रयागराज में रहकर तैयारी कर रही थीं। इस कठिन दौर में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं खोई।इस मुश्किल समय में उनकी मां रंजू सोनी ने उनका पूरा साथ दिया और हर कदम पर उन्हें संभाला।

मां के सहयोग और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर खुशबू ने आखिरकार यह सफलता हासिल की।परिवार में मां के अलावा एक बड़े भाई और दो छोटे भाई हैं। बड़े भाई राबर्ट्सगंज में बर्तन और ज्वैलरी की दुकान चलाते हैं, जबकि छोटे भाई अपने-अपने क्षेत्र में कार्यरत हैं। खुशबू की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है।जैसे ही सफलता की खबर फैली, उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खुशबू सोनी की यह उपलब्धि जिले के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह दिखाती है कि मेहनत और मजबूत हौसले से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *