AKD।गिरीश तिवारी
सोनभद्र: अक्षय तृतीया के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सक्रियता से जिले में दो नाबालिग बच्चियों का बाल विवाह होने से समय रहते रोक दिया गया। रायपुर और रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई में चाइल्ड लाइन टीम और पुलिस ने संयुक्त रूप से हस्तक्षेप कर बच्चियों को सुरक्षित कराया।

रायपुर थाना क्षेत्र में सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जब बच्ची की उम्र से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो परिजन कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया बच्ची नाबालिग पाए जाने पर टीम ने उसे रेस्क्यू कर रायपुर थाने लाया, जहां से आगे की कार्रवाई करते हुए बाल गृह में सुरक्षित रखा गया। इस कार्रवाई में परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, पर्यवेक्षक सुधा गिरी, काउंसलर अमन सोनकर और रायपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र से भी एक नाबालिग बच्ची का बाल विवाह रुकवाया गया। टीम सदस्य सीमा शर्मा, सत्यम चौरसिया और दीपिका सिंह ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित किया। इसके बाद बालिका को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आदेश के अनुसार उसे बाल गृह में आवासित कराया गया।परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन बाल विवाह की आशंका को देखते हुए पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और पुलिस के साथ मिलकर लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के अनुसार लड़की की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। इसके उल्लंघन पर माता-पिता, रिश्तेदार और विवाह कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।
Author Profile

Latest entries
सम्पादकीयAugust 1, 2026पुलिस ने चेन स्नैचिंग का किया खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
सम्पादकीयJuly 31, 2026कोयला वाहनों से परिवहन शुल्क वसूली नियमसम्मत, जिला पंचायत ने शिकायत को बताया निराधार
सम्पादकीयJuly 29, 2026कोन पुलिस की कार्रवाई: तीन वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश
उत्तर प्रदेशJuly 28, 2026तीन महीने की ट्रेनिंग, फिर नौकरी, अडाणी कौशल विकास केंद्र से पांच युवाओं को मिला रोजगार
