नीति आयोग की रैंकिंग में सोनभद्र बना देश का नंबर-1

Share

सोनभद्र।(AKD।गिरीश तिवारी)-आकांक्षी जिलासोनभद्र ने विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। नीति आयोग द्वारा जारी दिसंबर 2025 की आकांक्षी जिला प्रगति रिपोर्ट में सोनभद्र ने देश के 112 आकांक्षी जिलों को पीछे छोड़ते हुए समग्र विकास में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है।रिपोर्ट के अनुसार नवंबर 2025 में सोनभद्र का ओवरऑल स्कोर 57.36 था, जो दिसंबर 2025 में बढ़कर 65.00 पहुंच गया। जिले ने 7.646 का सर्वाधिक डेल्टा स्कोर हासिल किया, जो देशभर में सबसे ज्यादा रहा। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर सोनभद्र को राष्ट्रीय स्तर पर नंबर-1 रैंक मिली।कृषि एवं जल संसाधन के क्षेत्र में भी जिले ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाएं, जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण विकास कार्यों का इसका बड़ा कारण माना जा रहा है।स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में भी सोनभद्र ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिले ने देशभर में छठी रैंक हासिल की। स्वास्थ्य स्कोर 68.27 से बढ़कर 86.45 पहुंच गया, जो बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, पोषण अभियान और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने का इसका सकारात्मक असर देखने को मिला।हालांकि शिक्षा, वित्तीय समावेशन और आधारभूत संरचना जैसे कुछ क्षेत्रों में अभी और काम करने की जरूरत बताई गई है, लेकिन समग्र रूप से सोनभद्र ने यह साबित कर दिया है कि बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली, लगातार मॉनिटरिंग और जनसहभागिता से विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता जनता, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा, आधारभूत संरचना और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में और मजबूती से कार्य कर सोनभद्र को विकास के आदर्श मॉडल जिले के रूप में स्थापित किया जाएगा।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!