टोटो से नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं अध्यक्ष रूबी प्रसाद, दिया ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Share

सोनभद्र।(AKD।गिरीश तिवारी)-पेट्रोलियम बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सोनभद्र नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद की एक अनोखी पहल इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां लोग छोटी-छोटी दूरी तय करने के लिए भी निजी वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील को अमल में लाते हुए खुद सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर लोगों को बड़ा संदेश दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद अपने उरमौरा स्थित आवास से टोटो में बैठकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक छोटी-छोटी जिम्मेदारियों को निभाना शुरू कर दे तो पेट्रोल-डीजल की खपत कम होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान दिया जा सकता है।कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर सार्वजनिक परिवहन अपनाने, ईंधन की बचत करने और अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऊर्जा संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है और छोटी दूरी के लिए बाइक व कार की जगह टोटो, ई-रिक्शा या अन्य सार्वजनिक साधनों का उपयोग करना चाहिए। इससे न सिर्फ ईंधन की बचत होगी बल्कि बढ़ते प्रदूषण पर भी काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।रूबी प्रसाद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सरकारी कर्मचारियों की सामाजिक जिम्मेदारी भी होती है। जब जिम्मेदार लोग खुद इस तरह की पहल करेंगे तभी आम जनता भी प्रेरित होगी।नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल की अब पूरे नगर क्षेत्र में चर्चा हो रही है। लोग इसे सिर्फ एक सफर नहीं बल्कि देशहित, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए दिया गया एक सकारात्मक संदेश मान रहे हैं।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!