सोनभद्र में साइबर ठगी के मामले में 25 हजार का इनामिया आरोपी गिरफ्तार

Share

AKD।गिरीश तिवारी

सोनभद्र। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीजपुर थाना क्षेत्र में युवक की आत्महत्या से जुड़े साइबर अपराध के मामले में 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित आरोपी वारिस खान को बभनी और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फेसबुक पर सस्ते लैपटॉप का फर्जी विज्ञापन देकर मेमना गांव निवासी प्रवेश कुमार को अपने जाल में फंसाया था। आरोपी ने लैपटॉप भेजने, टैक्स और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर उससे रुपये ऐंठे। इसके बाद लिंक भेजकर उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर निजी डाटा प्राप्त किया और AI की मदद से अश्लील वीडियो तैयार कर उसे परिजनों व रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी।पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को प्रवेश कुमार ने आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के दौरान साइबर सेल ने मृतक के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध कॉल और धनराशि के लेनदेन का कनेक्शन राजस्थान के अलवर से सामने आया। जांच आगे बढ़ने पर आरोपी की पहचान वारिस खान के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, संबंधित सिमकार्ड और 1,050 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल में ठगी की रकम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। साथ ही MobiKwik Wallet में संबंधित धनराशि प्राप्त होने की जानकारी भी सामने आई है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर सस्ते लैपटॉप का फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले पीड़ित से अलग-अलग शुल्क के नाम पर रकम वसूलता था और फिर लिंक भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर निजी डाटा का दुरुपयोग करता था। इसी मामले में पीड़ित को AI से अश्लील वीडियो तैयार कर उसे परिचितों और रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी गई थी। पुलिस का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते युवक ने आत्महत्या कर ली।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग तरीकों से साइबर ठगी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!