दुद्धी नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल, श्मशान घाट पर लाखों के नए निर्माण से मचा विवाद

Share

दुद्धी/सोनभद्र(रवि सिंह)-दुद्धी नगर पंचायत इन दिनों अपने एक बड़े निर्माण कार्य को लेकर चर्चा में है। जाबर गाँव के ठेमा नदी तट पर स्थित श्मशान घाट पर पहले से भवन, शैड और शवदाह हैड बने होने के बावजूद फिर से करीब 25–30 लाख रुपये की लागत से नया मल्टीपर्पज शवदाह गृह, दो शवदाह स्थल, जलौनी रखने का भवन, शौचालय और रहने का कमरा बनाया जा रहा है।

इससे ग्रामीणों के बीच तीखी नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि जहां मामूली लागत में मरम्मत से काम हो सकता था, वहां नया निर्माण समझ से परे है और सरकारी धन का दुरुपयोग प्रतीत होता है।ग्रामीण बताते हैं कि यह श्मशान घाट दुद्धी कस्बे के लोगों की पुरानी परंपरा का स्थल है, क्योंकि यह ठेमा और कनहर नदी के मुहाने पर स्थित है।

यहाँ पहले से बने ढांचे आज भी उपयोगी हैं, लेकिन नगर पंचायत लगातार नए निर्माण करवा रही है, जिससे करोड़ों की खर्चीली योजनाओं पर सवाल उठ रहे हैं।मामले पर ईओ अमित कुमार का कहना है कि शवदाह गृह निर्माण पहले ही बोर्ड की बैठक में पास था और बजट उपलब्ध होते ही इसे शुरू कराया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि चेयरमैन की सहमति पहले से ली गई है।

वहीं निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे पीडब्ल्यूडी के जेई राजेश शर्मा ने कहा कि योजना पूर्व स्वीकृत है और काम उनकी देखरेख में चल रहा है, पूरी जानकारी ईओ और चेयरमैन से ही मिल सकती है। श्मशान घाट पर पहले से मौजूद बिल्डिंग व शैड की मरम्मत की बजाय नया निर्माण शुरू करने को लेकर ग्रामीणों में असंतोष है, और यही सवाल अब दुद्धी नगर पंचायत की पारदर्शिता व प्राथमिकताओं को कटघरे में खड़ा कर रहा है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *