
करमा/सोनभद्र:(AKD/गिरीश तिवारी)-
करमा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरा गांव में स्थित शिव मंदिर परिसर में कथित अमर्यादित कृत्य को लेकर रविवार को गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि मंदिर परिसर में कुछ युवकों द्वारा अनुचित व्यवहार किया गया, जिससे धार्मिक आस्था आहत हुई। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों और हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया और हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस व प्रशासन को तत्काल मोर्चा संभालना पड़ा।जानकारी के अनुसार, सुबह के समय शिव मंदिर परिसर में चार से पांच युवकों द्वारा आपत्तिजनक कृत्य और नारेबाजी किए जाने की बात सामने आई।

इसके बाद ग्रामीण और हिंदू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं, जिनसे विधिक प्रक्रिया के तहत पूछताछ की जा रही है। इस मामले में कुल पांच लोगों की संलिप्तता बताई जा रही है, अन्य की तलाश जारी है।तनाव को देखते हुए मंदिर परिसर सहित पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कुछ ही देर में मौके पर एडीएम रोहित यादव, एएसपी अनिल कुमार, सीओ घोरावल राहुल पांडेय, तहसीलदार अमित कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पहुंच गई। प्रशासन की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया।ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि यह शिव मंदिर दशकों से गांव की आस्था का केंद्र रहा है।

पूर्व में मंदिर तालाब के पास स्थित था, लेकिन वहां लगातार हो रही अव्यवस्थाओं के चलते ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से आबादी के बीच नए शिव मंदिर का निर्माण कराया था। तालाब के पास पुराने मंदिर के अवशेष अब भी मौजूद हैं। ग्रामीणों ने तालाब की भूमि पर अवैध अतिक्रमण का भी आरोप लगाया।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने तहसीलदार और राजस्व टीम को मौके पर ही तालाब की नपाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। राजस्व टीम के पहुंचते ही अतिक्रमण करने वालों में हलचल मच गई और कई लोगों ने स्वयं ही कब्जा हटाना शुरू कर दिया। मौके पर बुलडोजर भी बुलाया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर में नाबालिग बच्चों द्वारा गैरकानूनी और अमर्यादित कृत्य किया गया था, जिसको लेकर विवाद की स्थिति बनी। पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है और नाबालिगों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।वहीं एडीएम नमामि गंगे रोहित यादव ने बताया कि मौके पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी भी मिली है, जिस पर राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है। तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात है और प्रशासन पूरे मामले पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Author Profile

Latest entries
सम्पादकीयFebruary 7, 2026जिलाधिकारी ने थाना दुद्धी का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
सम्पादकीयFebruary 7, 2026डीएम ने दुद्धी में एसडीएम न्यायालय व कार्यालयों का किया निरीक्षण
सम्पादकीयFebruary 7, 2026डोजर मशीन में लगी भीषण आग, ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान
सम्पादकीयFebruary 7, 2026केंद्रीय बजट को बताया विकसित भारत 2047 की दिशा में मजबूत कदम