दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग के 34वें स्थापना दिवस पर दुद्धी की बेटी को मिला राष्ट्रीय सम्मान

Share

दुद्धी/सोनभद्र:(रवि सिंह)-

नई दिल्ली के भारत मंडपम में कल राष्ट्रीय महिला आयोग के 34वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया राहटकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के दुद्धी कस्बे की निवासी डॉ. विनय कुमार एवं ज्योत्सना देवी की सुपुत्री राजनंदिनी को ‘शक्ति फेलोशिप’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। राजनंदिनी को यह सम्मान स्वयं मंच से सभी माननीय केंद्रीय मंत्रियों एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा द्वारा प्रदान किया गया। गौरतलब है कि शक्ति फेलोशिप के लिए देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में शोध कर रही केवल 20 बालिकाओं का चयन किया गया है। इनमें से भी केवल 2 चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किए जाने का अवसर प्राप्त हुआ, जिसमें राजनंदिनी का नाम शामिल होना अत्यंत गौरव की बात है। राजनंदिनी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सोनभद्र जनपद और उत्तर प्रदेश प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। यह सम्मान क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है हाल ही में राजनंदिनी द्वारा लिखित पुस्तक वनबंधु नरेंद्र मोदी’ का लोकार्पण भी नई दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में हुआ था, यह दर्शाता है कि ग्रामीण व जनजातीय अंचलों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने राजनंदिनी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों की बालिकाओं को शिक्षा, शोध और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *