लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता से मारपीट, दो टोल कर्मी गिरफ्तार, जांच तेज

Share



सोनभद्र (AKD/गिरीश तिवारी)- जनपद से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कानून की बात करने पर टोल प्लाजा कर्मियों ने कानून को ही हाथ में ले लिया। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके साथियों के साथ टोल कर्मियों द्वारा की गई मारपीट ने न सिर्फ कई सवाल खड़े किए हैं, बल्कि टोल प्लाजा पर आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है।जानकारी के अनुसार महिला अधिवक्ता आरती पाण्डेय अपने परिजनों व साथियों के साथ कार से गुजर रही थीं। टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी और अनावश्यक देरी को लेकर जब उन्होंने टोल कर्मियों से सवाल किया, तो यही बात विवाद का कारण बन गई। आरोप है कि टोल कर्मियों ने अभद्र व्यवहार करते हुए महिला अधिवक्ता और उनके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इस घटना में महिला अधिवक्ता के तीन साथियों को चोटें आईं, जबकि एक महिला की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं में भारी रोष फैल गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित कई अधिवक्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पीड़ितों का हालचाल जाना।पीड़ित पक्ष की तहरीर पर राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दो आरोपी टोल कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।वहीं सदर विधायक भुपेश चौबे ने अस्पताल पहुंचकर घायल अधिवक्ताओं से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आमजन व अधिवक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।अधिवक्ताओं का कहना है कि जब कानून से जुड़े लोग ही टोल प्लाजा पर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। अब सबकी नजर पुलिस और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *