आयकर छापेमारी तीसरे दिन भी जारी, खनिज विभाग तक पहुंची जांच

Share


AKD।गिरीश तिवारी

सोनभद्र। जिले में पिछले तीन दिनों से चल रही आयकर विभाग की छापेमारी अब खनिज विभाग तक पहुंच गई है। शुक्रवार को आयकर विभाग की टीम खनिज विभाग कार्यालय पहुंची और वहां जरूरी दस्तावेजों की जांच की।सूत्रों के अनुसार टीम समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता इश्तियाक खान और उनके सहयोगियों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि इश्तियाक खान के मुंशी, मैनेजर और ब्लास्टर से लगभग 30 घंटे से लगातार पूछताछ की जा रही है। टीम अभी भी उनकी सोनभद्र स्थित पत्थर खदान और कार्यालयों पर मौजूद है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक खनन कारोबारियों के आवास, दफ्तर और खदानों पर भी कार्रवाई जारी है।

जांच के दौरान पहली बार पत्थर खदानों की ड्रोन कैमरे से मैपिंग कराई जा रही है। आयकर विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि खदानों में खनन की वास्तविक स्थिति क्या रही और वित्तीय लेन-देन का स्वरूप कैसा रहा। टीम दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।सूत्रों के मुताबिक इश्तियाक खान का संबंध पूर्व में प्रदेश की सरकार के दौरान खनन विभाग से जुड़े प्रभावशाली लोगों से रहा है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बीते वर्षों में अवैध खनन, अवैध परिवहन और भूमि संबंधी मामलों में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आती रही है।फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *