
सोनभद्र। पुलिस ने मध्य प्रदेश के जयंत, सिंगरौली स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती का पर्दाफाश करते हुए एक बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। डकैती के दौरान बदमाशों ने दुकान संचालक और मौजूद लोगों को हथियार दिखाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद बदमाशों की तलाश में जुटी सोनभद्र पुलिस को चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान अनपरा थाना क्षेत्र के बेलवादह पिकनिक स्पॉट मोड़, डी-प्लॉट रोड और डिबुलगंज इलाके में पुलिस टीम ने अपाचे बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए भागने लगे।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश रौशन कुमार के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी राहुल स्वीपर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, दो कारतूस, सोने के आभूषण, मोबाइल फोन, 50 हजार रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती में शामिल होने और लूटे गए माल में से हिस्सा मिलने की बात बताई है।

बरामद सोने के आभूषणों पर कंचन ज्वेलर्स के टैग भी मिले हैं। इस कार्रवाई में अनपरा थाना पुलिस, शक्तिनगर थाना पुलिस, पिपरी थाना पुलिस और एसओजी सोनभद्र की टीमें शामिल रहीं। कार्रवाई क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सोनभद्र, झारखंड और मध्य प्रदेश में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी और डकैती में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश के साथ लूटे गए बाकी माल की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इस संबंध में एएसपी सोनभद्र ऋषभ रुणवाल ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।
Author Profile

Latest entries
उत्तर प्रदेशSeptember 18, 2026विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर सीडीओ ने की बैठक
उत्तर प्रदेशSeptember 18, 2026अब सफाई कर्मी ‘दोस्त-मित्र’ के नाम से होंगे संबोधित, जाने वजह
सोनभद्रSeptember 18, 2026मेरे सपनों का भारत’ विषय पर कला प्रतियोगिता में पहुंचे डीएम फिर….
उत्तरप्रदेशSeptember 18, 2026हाईवा के चक्के में हवा भरते समय हादसा, घायल युवक की मौत
















