मृत व्यक्ति के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा, जमानत के लिए भटक रहा बेटा

Share

सोनभद्र(AKD/गिरीश तिवारी)– आपसी रंजिश में फर्जी मुकदमे दर्ज कराने की प्रवृत्ति थमने का नाम नहीं ले रही है। बभनी क्षेत्र से ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने निजी दुश्मनी के चलते पांच वर्ष पहले मर चुके व्यक्ति के खिलाफ अदालत के माध्यम से मुकदमा दर्ज करा दिया। हालात ऐसे हैं कि मृतक का पुत्र अपने दिवंगत पिता की जमानत के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।जानकारी के अनुसार मरहू पुत्र शिव दास का निधन 29 फरवरी 2021 को वाराणसी स्थित सर सुंदर लाल अस्पताल में इलाज के दौरान हो चुका है। मृतक के छोटे पुत्र जय सिंह ने बताया कि म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरविल निवासी विजय जायसवाल ने दिसंबर 2025 में अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय में उसके मृत पिता के खिलाफ धमकी देने सहित अन्य धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। इस मुकदमे के जरिए परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।जय सिंह के अनुसार इस मामले में पहली पेशी 9 जनवरी को तय थी, लेकिन उस दिन किसी कारणवश न्यायालय बंद रहा। इसके बाद सोमवार को पुनः पेशी निर्धारित की गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विजय जायसवाल की नीयत उनकी जमीन हड़पने की है, इसी उद्देश्य से उसने मृत व्यक्ति के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया है, जिससे पूरा परिवार भय और तनाव में जी रहा है।मामला तब और चौंकाने वाला हो गया जब पुलिसकर्मी मुकदमे का नोटिस तामील कराने मृतक के घर पहुंचे। परिवार को यह देखकर गहरा आश्चर्य हुआ कि जिस व्यक्ति का देहांत पांच वर्ष पहले हो चुका है, उसके नाम से मुकदमा कैसे दर्ज हो सकता है। स्वजन ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर लापरवाही बताते हुए पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराया है और फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *