सोनभद्र:(अरविंद दुबे,गिरीश तिवारी)-
डाला नगर का बाजार इन दिनों न किसी सेल के कारण चर्चा में है, न किसी मेले के कारण। इस बार चर्चा है उन पोस्टरों की, जो दुकानों के बाहर चिपके हैं और एक सवाल बनकर दीवारों से झांक रहे हैं “मैं अल्ट्राटेक के कचरे की बदबू और प्रदूषण से परेशान हूं।” बदबू और प्रदूषण की मार झेल रहे व्यापारी वर्ग ने इस बार एकजुट होकर अपनी पीड़ा को पोस्टरों के माध्यम से सार्वजनिक कर दिया है।

व्यवसायी हनुमान अग्रहरी का कहना है कि सरकार जिस स्वच्छ भारत मिशन को संकल्प और श्रद्धा से आगे बढ़ा रही है, उसकी प्रशंसा हर नागरिक करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई यह योजना पूरे देश में साफ़-सफाई की एक नई चेतना लाई है। करोड़ों घरों में शौचालय बने, गाँव-शहर चमके, और जनजागरूकता ने स्वच्छता को संस्कार बना दिया।लेकिन डाला नगर में इस महान संकल्प के ठीक विपरीत तस्वीरें हैं। यहां औद्योगिक इकाइयों की मनमानी ने स्वच्छता के सपनों को बदबूदार और सड़ते कचरे में लपेट दिया है। अल्ट्राटेक जैसी बड़ी औद्योगिक इकाइयां, जो स्थानीय विकास की भागीदार होनी चाहिए थीं, अब लोगों के लिए सिरदर्द बन चुकी हैं।

लक्ष्मणनगर निवासी व्यवसायी अरविंद कहते हैं कि डाला नगर में लगातार फैल रही बदबू, कचरा और प्रदूषण की चादर ने व्यापार को नहीं, बल्कि जीवन को संकट में डाल दिया है बताते चलें की इससे पहले व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन ने अल्ट्राटेक कंपनी के एचआर हेड को पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि व्यापारियों की सहनशीलता अब समाप्त हो रही है। वही नगर पंचायत अध्यक्ष फुलवंती देवी गोड ने इस मुद्दे को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी सहित उच्चाधिकारियों तक भी शिकायत पहुंचाई है। विगत तीन दिनों से व्यापारी वर्ग का आक्रोश और एकजुटता लगातार बढ़ रही है। उनका कहना है कि अब वे सिर्फ़ आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहते हैं। “हमें विकास चाहिए, लेकिन बदबू और प्रदूषण के साथ नहीं।” व्यापारी वर्ग ने यह भी साफ कर दिया है कि वे न तो सरकार के विरोध में हैं, न उद्योग के। वे केवल अपने जीवन, अपने स्वास्थ्य, अपने बच्चों और अपने बाजार को सुरक्षित देखना चाहते हैं।
Author Profile

Latest entries
लोकप्रियMarch 30, 2026संघर्ष से सफलता तक,सोनभद्र की खुशबू सोनी बनीं बीडीओ, 26वीं रैंक से बढ़ाया मान
सोनभद्र न्यूज़March 30, 2026डाला मंडल में 3-4 अप्रैल को होगा भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग
अपराधMarch 30, 2026शांति भंग में आधा दर्जन का चालान, निजी अस्पताल संचालक भी शामिल
सम्पादकीयMarch 30, 2026उपराष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुए सोनभद्र के नागेंद्र कुमार