सोनभद्र( AKD/गिरीश तिवारी)-सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी टोल प्लाजा के पास गुरुवार की शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शातिर आरोपी गोली लगने के बाद धर दबोचे गए, जबकि एक फरार हो गया। गोली लगने से तीनों के पैर जख्मी हो गए, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन तमंचे, तीन कारतूस, लूटी गई दो मोबाइल, सात हजार रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक बुधवार की शाम बाइक सवार युवक और उसकी चचेरी बहन से लोढ़ी टोल प्लाजा के पास चार बदमाशों ने चाकू की नोक पर मोबाइल, दस हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली थी, साथ ही महिला से छेड़खानी भी की थी। घटना के बाद सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। गुरुवार की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि वही आरोपी लोढ़ी टोल प्लाजा से 200 मीटर आगे टावर के पास फिर किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं।सूचना पर सीओ नगर रणधीर कुमार मिश्रा, महिला थाना प्रभारी सविता सरोज और कोतवाली प्रभारी माधव सिंह की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां तीन बदमाशों के पैरों में लगीं और वे मौके पर ही गिर पड़े, जबकि एक आरोपी नंदन निवासी बढ़ौली अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रभूषण खरवार निवासी लोढ़ी, अजय कुमार उर्फ राहुल निवासी काशीराम आवास और अगस्त उर्फ आजाद निवासी अशोकनगर कोलान बस्ती के रूप में हुई है।

तीनों को गोली लगने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और पूछताछ कर पूरी जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों आरोपी उसी घटना में शामिल थे जिसमें महिला से छेड़खानी और लूट की गई थी। उनके पास से बरामद मोबाइल, नकदी और तमंचों से यह स्पष्ट हो गया है कि वही लोग वारदात के जिम्मेदार हैं। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस की इस मुठभेड़ ने जहां शहर में सनसनी फैला दी, वहीं लोगों के बीच यह संदेश भी गया कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और लूट जैसी घटनाओं पर सोनभद्र पुलिस अब किसी भी कीमत पर नरमी नहीं बरतेगी।
Author Profile

Latest entries
Breaking_NewsJune 23, 2026मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
Breaking_NewsJune 23, 2026शराब के नशे में बाइक चालक ने माँ-बेटे को कुचला, तीन घायल
Breaking_NewsJune 22, 2026घरेलू कलह में बेटे ने छीनी पिता की सांस, डंडे के वार से हुई मौत
Breaking_NewsJune 22, 2026एक करोड़ 16 लाख रुपये मूल्य की गांजे की खेप बरामद, पुलिस को मिली बड़ी सफलता
