समय से पहले बालू डम्पिंग और ओवरलोड परिवहन से बढ़ी हलचल

Share

दुद्धी,सोनभद्र(रवि सिंह, गिरीश तिवारी)-दुद्धी तहसील क्षेत्र के कोरगी बालू खनन साइड से फरवरी माह से ही बालू डम्पिंग शुरू होने की खबरों ने इलाके में चर्चा तेज कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व वर्षों में सामान्यतः मई या जून माह में ही बालू डम्प किया जाता था, क्योंकि 1 जुलाई से 30 सितंबर तक एनजीटी के आदेशानुसार खनन कार्य बंद रहता है।

ऐसे में खनन पट्टाधारक विभागीय अनुमति के तहत तीन माह की अवधि में बिक्री के लिए भंडारण करते हैं, लेकिन इस बार दुमहान गांव में फरवरी से ही डम्पिंग कार्य शुरू होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब 30 जून तक खनन साइड से सीधे बिक्री की अनुमति है तो फिर कई महीने पहले भंडारण की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।इसी के साथ दुद्धी कस्बे में बालू लदी ओवरलोड गाड़ियों का संचालन भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद भारी वाहन धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे कस्बे में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। संकरी सड़कों पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों से आम नागरिकों में भय का माहौल है। इन दिनों यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जाम के कारण परीक्षा छूटने की आशंका भी बनी रहती है।ओवरलोड परिवहन और भंडारण की स्थिति को लेकर उप जिलाधिकारी निखिल यादव ने कहा कि यदि इस प्रकार का मामला सामने आया है तो तत्काल जांच कराई जाएगी और ओवरलोड परिवहन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं खनन अधिकारी, सोनभद्र ने बताया कि भंडारण की अनुमति और क्षमता के संबंध में अभिलेख देखने के बाद ही स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि दुद्धी तहसील क्षेत्र में वर्तमान में तीन बालू खनन साइड संचालित हैं।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *