किन्नर गुटों के बीच विवाद गहराया: जिला प्रशासन से लगाई गुहार, नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

Share

दुद्धी, सोनभद्र।रवि सिंह-सोनभद्र जिले के दुद्धी और आसपास के क्षेत्रों में किन्नर गुटों के बीच आपसी वर्चस्व और विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। थाना अनपरा अंतर्गत बोस नगर (वार्ड नंबर 18) की निवासी गुलशन उर्फ पूजा किन्नर ने तहसील दिवस के अवसर पर उप जिलाधिकारी दुद्धी को एक शिकायती पत्र सौंपकर अपनी और अपने गुरुओं की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एक दूसरे गुट द्वारा लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस प्रशासन इस मामले में ढुलमुल रवैया अपना रहा है।

दर्ज हो चुके हैं कई मुकदमे, पर कार्रवाई अधूरी

शिकायती पत्र के अनुसार, पूनम किन्नर (मकबूल) नामक व्यक्ति ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा है। इस गिरोह के सदस्यों—जिनमें दिव्या किन्नर उर्फ सोनी उर्फ गोलू, छोटी किन्नर उर्फ किसन, शशिकान्त यादव, प्रदीप गुप्ता, दीप्ती यादव, रवि यादव, बबलू उर्फ बबली किन्नर, काजन किन्नर, सोनाली किन्नर उर्फ राजू, पिंकी किन्नर, वीरू दादा, सपना (कलीम), सहजाद, अजमेर और छोटे उर्फ दाऊ शामिल हैं—पर सोनभद्र क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कई हिंसक और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
इस संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा अलग-अलग थानों में पहले ही कई मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं।

सिर्फ एक आरोपी की हुई गिरफ्तारी, बाकी अब भी फरार

पीड़िता गुलशन उर्फ पूजा किन्नर का कहना है कि थाना पिपरी में दर्ज मुकदमा संख्या 62/2026 के तहत पुलिस ने केवल एक आरोपी ‘छोटी किन्नर उर्फ किसन’ को गिरफ्तार किया था। इस आरोपी की जमानत याचिका भी माननीय जनपद एवं सत्र न्यायाधीश सोनभद्र द्वारा बीते 8 मई 2026 को निरस्त की जा चुकी है। इसके बावजूद, पुलिस प्रशासन अन्य मुख्य नामजद आरोपियों, विशेषकर दिव्या उर्फ सोनी किन्नर और पूर्व से सजायाफ्ता अपराधी शशि यादव को गिरफ्तार करने में नाकाम रहा है।

पीड़ित गुट में डर का माहौल, लगातार मिल रही धमकियां

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण विपक्षी गुट का मनोबल सातवें आसमान पर है। वे पीड़ित किन्नरों और उनके गुरुओं के शिष्यों को लगातार डरा-धमका रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इस उदासीनता के कारण पूरे पीड़ित समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।इस मौके पर चमेली,राधा नंद गिरि,कजरी,करूणा,रानी,नन्दिनी,छोटी उर्फ मीरा,सपना,लक्ष्मी,लाडो,पतरकी
परी, सरिता सहित अन्य किन्नर मौजूद रहे।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!