सोनभद्र(AKD/गिरीश तिवारी)-
बभनी थाना क्षेत्र के बभनी अंबिकापुर मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की जान चली गई। घटना मधुघूटरा के समीप उस समय हुई जब बाइक सवार युवकों ने अचानक सामने आ गए साइकिल सवार को बचाने की कोशिश की। इसी प्रयास में बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (14) पुत्र अशर्फी लाल निवासी पतेरीटोला, बभनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार, विजय कुमार (22) पुत्र जगदेव निवासी नवाटोला सतबहनी तथा दो अन्य बच्चे राकेश पुत्र पन्ना लाल और काजल पुत्री अनिल कुमार के साथ आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए वाड्रफनगर (छत्तीसगढ़) गए हुए थे। काम पूरा कर सभी एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे।
मधुघूटरा के पास सड़क पर अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक विजय कुमार ने हैंडल मोड़ दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गिरते ही बाइक पर बैठे प्रमोद और दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे। उसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि प्रमोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक विजय कुमार और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बभनी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। साथ ही ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Author Profile

Latest entries
Breaking_NewsJune 23, 2026मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
Breaking_NewsJune 23, 2026शराब के नशे में बाइक चालक ने माँ-बेटे को कुचला, तीन घायल
Breaking_NewsJune 22, 2026घरेलू कलह में बेटे ने छीनी पिता की सांस, डंडे के वार से हुई मौत
Breaking_NewsJune 22, 2026एक करोड़ 16 लाख रुपये मूल्य की गांजे की खेप बरामद, पुलिस को मिली बड़ी सफलता
