
सोनभद्र में छठ महापर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चोपन और ओबरा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं दुद्धी क्षेत्र में भी अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने घाटों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF और NDRF की टीमें भी तैनात की गई हैं।

सोनभद्र में छठ महापर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक ने थाना चोपन और ओबरा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन और यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने दुद्धी क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की। पुलिस प्रशासन ने जनपद के विभिन्न छठ घाटों और पार्किंग स्थलों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया है। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना करने की अपील की जा रही है।

खासकर ओबरा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव और राहत कार्य के लिए SDRF और NDRF की टीमें भी तैनात की गई हैं। वहीं रात्रि के समय घाटों पर रुकने वाली महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं।
Author Profile

Latest entries
उत्तरप्रदेशNovember 15, 2026छठ पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी अभिषेक वर्मा ने चोपन-ओबरा घाटों का किया निरीक्षण
उत्तरप्रदेशNovember 15, 2026छठ महापर्व, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
अपराधNovember 15, 2026मां के साथ अवैध संबंध के विवाद में हत्या,आरोपी गिरफ्तार
देशNovember 15, 2026तीन दशक की जनसेवा और उत्कृष्ट पुलिस नेतृत्व को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान















