सोनभद्र। जनपद में जहां स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक चाहे स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अचानक निरीक्षण करें और सुधार के दावे करें, लेकिन हकीकत जमीनी स्तर पर कुछ और ही है। सोनभद्र के म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार की रात एक प्रसूता महिला को भर्ती करने के बजाय अस्पताल से भगा दिया गया। नतीजा ये हुआ कि महिला ने अस्पताल के गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिले मे सरकारी अस्पतालों की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। ताजा मामला दुद्धी तहसील क्षेत्र के म्योरपुर के आरोग्य अस्पताल का है। बताया जा रहा है कि प्रसव पीड़ा से कराहती महिला गुरुवार की रात अपने पति और गांव की आशा कार्यकर्ता के साथ अस्पताल पहुंची थी। अस्पताल की नर्स ने महिला को भर्ती करने के बजाय चाभी नहीं है का बहाना बनाकर बाहर ही भगा दिया। इसके बाद महिला की पीड़ा इतनी बढ़ गई कि अस्पताल के गेट पर ही आशा और घर की महिलाओं ने प्रसव कराया। लापरवाही का आलम ये रहा कि नवजात का जन्म अस्पताल की नर्स की देखरेख में नहीं बल्कि सड़क किनारे अस्पताल के गेट पर हुआ। घटना के बाद वहां मौजूद परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। महिला के पति का आरोप है कि जब पत्नी ने अस्पताल के गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया, तभी नर्स मौके पर पहुंची, लेकिन मदद करने के बजाय उसने पैसे की मांग शुरू कर दी। मोल-भाव के बाद महिला के पति से 200 रुपये भी वसूल लिए गए। लोगों का कहना है कि यह घटना सिर्फ एक महिला या एक परिवार के साथ हुई लापरवाही नहीं है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की सच्चाई उजागर करती है। आकांक्षी जनपद घोषित किए जाने के बावजूद आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बेहद दयनीय है। फिलहाल, सोनभद्र के इस अस्पताल की लापरवाही ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देखना होगा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस मामले पर क्या कार्रवाई करते हैं।
Author Profile

Latest entries
लोकप्रियMarch 30, 2026संघर्ष से सफलता तक,सोनभद्र की खुशबू सोनी बनीं बीडीओ, 26वीं रैंक से बढ़ाया मान
सोनभद्र न्यूज़March 30, 2026डाला मंडल में 3-4 अप्रैल को होगा भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग
अपराधMarch 30, 2026शांति भंग में आधा दर्जन का चालान, निजी अस्पताल संचालक भी शामिल
सम्पादकीयMarch 30, 2026उपराष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुए सोनभद्र के नागेंद्र कुमार