अवैध अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

Share

AKD।गिरीश तिवारी

सोनभद्र। जिले में अवैध अस्पतालों के संचालन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर द्वारा गलत उपचार किए जाने से महिला की जान चली गई।जानकारी के अनुसार, जुगैल थाना क्षेत्र के नेवारी गांव निवासी 46 वर्षीय शांति देवी की तबीयत खराब होने पर उन्हें वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था और वहां किसी योग्य चिकित्सक के बजाय झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इलाज किया जा रहा था। उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ती गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि संबंधित अस्पताल का कोई पंजीकरण नहीं है और वह अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।गौरतलब है कि इससे पहले कोन थाना क्षेत्र के ग्लोबल अस्पताल में भी बिना पंजीकरण संचालन का मामला सामने आया था, जहां प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी। उस मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बावजूद इसके जिले में अवैध अस्पतालों का संचालन थमने का नाम नहीं ले रहा है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर मुख्य मार्ग के किनारे खुलेआम बिना पंजीकरण अस्पताल संचालित हो रहा था, फिर भी स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!