मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

Share

गिरीश तिवारी /AKD

सोनभद्र। जिले में आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने थाना ओबरा का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की। बैठक में विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। वहीं बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कस्बा ओबरा में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस की तैयारियां तेज हैं। समीक्षा बैठक से लेकर पैदल गश्त तक, पुलिस प्रशासन का फोकस साफ है अपराध पर नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर और त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना।

थाना ओबरा परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ने क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय, प्रभारी निरीक्षक और समस्त विवेचकों के साथ लंबित विवेचनाओं, आईजीआरएस प्रकरणों और जनशिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान आगामी मोहर्रम पर्व की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। अपर पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और भड़काऊ सूचनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में संपन्न कराया जा सके।

समीक्षा बैठक के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना ओबरा पुलिस बल के साथ कस्बे में पैदल गश्त भी की। इस दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुरक्षा संबंधी सुझाव भी सुने। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!