सत्ता की रैली में कानून बेबस! कार्रवाई छोड़ बाइक रैली को आगे बढ़ाने में जुटी रही पुलिस

Share

सोनभद्र। जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में कानून का एक ऐसा चेहरा देखने को मिला, जिसने पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर निकाली गई बाइक रैली के दौरान यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती रहीं, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय पुलिस पूरी रैली को निर्वाध तरीके से आगे बढ़ाने में ही व्यस्त दिखाई दी। रैली में बड़ी संख्या में बाइक सवार बिना हेलमेट सड़कों पर दौड़ते रहे। कई मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन लोग सवार होकर नारेबाजी करते हुए शहर की मुख्य सड़कों से गुजरे। हैरानी की बात यह रही कि यह सब पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में होता रहा, लेकिन किसी भी वाहन को रोकने, चालान करने या नियमों का पालन कराने की कोशिश तक नहीं की गई। विडंबना यह है कि यही पुलिस आम दिनों में किसी मजदूर, किसान, छात्र या आम नागरिक के बिना हेलमेट निकलने पर तत्काल चालान काट देती है।

दोपहिया वाहन पर तीन सवारी मिलने पर कार्रवाई करने में भी देर नहीं लगती। लेकिन जब मामला सत्ता से जुड़ी रैली का आया तो नियम-कानून मानो किनारे रख दिए गए। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ट्रैफिक नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं? क्या राजनीतिक कार्यक्रमों में कानून की कोई अहमियत नहीं रह जाती? यदि नियम सभी के लिए समान हैं, तो फिर इस रैली में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? यह पूरा घटनाक्रम कानून के समान अनुपालन और पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेते हैं या यह भी अन्य मामलों की तरह सिर्फ चर्चा बनकर रह जाएगा।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!