
सोनभद्र में एक बेहद संवेदनशील तस्वीर सामने आई है। दुद्धी क्षेत्र से रेस्क्यू की गई महज आठ दिन की नवजात बच्ची को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गोद में लेकर नाम दिया है। डीएम ने बच्ची का नाम ‘कीर्ति’ रखा। नामकरण के दौरान माहौल भावुक हो गया। प्रशासन ने अब नन्ही कीर्ति के सुरक्षित भविष्य और बेहतर देखभाल की जिम्मेदारी उठाने की बात कही है। कभी-कभी एक नाम महज पहचान नहीं, बल्कि नई जिंदगी और उम्मीद की शुरुआत बन जाता है। सोनभद्र में दुद्धी क्षेत्र से रेस्क्यू की गई महज आठ दिन की नवजात बच्ची के लिए शुक्रवार का दिन कुछ ऐसा ही रहा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ शुक्रवार को वन स्टॉप सेंटर और राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उनकी नजर दुद्धी से करीब छह दिन पहले रेस्क्यू कर लाई गई नन्ही बच्ची पर पड़ी। डीएम ने बच्ची को गोद में उठाया और उसका नामकरण करते हुए उसे ‘कीर्ति’ नाम दिया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया।
दत्तक ग्रहण इकाई में वर्तमान में दो नवजात बच्चे आवासित हैं। इनमें गौरी जनवरी 2026 से यहां रह रही है, जबकि दुद्धी क्षेत्र से रेस्क्यू की गई नवजात बच्ची को भी सुरक्षित देखभाल के लिए यहां रखा गया है। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहीं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की देखभाल और उनकी जरूरतों में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल बच्चों को आश्रय देना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण, अपनापन और बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराना है। नन्ही ‘कीर्ति’ के लिए परिसर में सुविधाएं बढ़ाने की भी तैयारी है। सीएसआर के माध्यम से भवन में सोलर सिस्टम, किचन गार्डन और परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं डूडा को भवन की जरूरी मरम्मत और अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। वन स्टॉप सेंटर में 12 कार्मिक और दत्तक ग्रहण इकाई में 10 कार्मिक कार्यरत हैं, जबकि पुलिस विभाग की ओर से एक महिला आरक्षी भी तैनात है। नन्ही ‘कीर्ति’ का नामकरण सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उसके सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ाया गया संवेदनशील कदम है। अब उम्मीद यही है कि इस नन्ही बच्ची को आश्रय के साथ स्नेह, सुरक्षा और सम्मान से भरा बचपन भी मिले।
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौतAuthor Profile

Latest entries
उत्तरप्रदेशSeptember 25, 2026रेस्क्यू हुई आठ दिन की नवजात को डीएम ने दिया नाम, गोद में लेकर रखा ‘कीर्ति’
सोनभद्रSeptember 25, 2026सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
उत्तर प्रदेशSeptember 25, 2026वन निगम के डीएलएम ने गेस्ट हाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी, मौत
अपराधSeptember 25, 2026डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2.36 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार















