AKD /गिरीश तिवारी
सोनभद्र। जिले में मंगलवार का दिन दर्दनाक हादसों की काली तस्वीर छोड़ गया। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नहाने गए चार किशोर गहरे पानी में समा गए, जिनका देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। कोन थाना क्षेत्र में सोन नदी में दो ममेरे-फुफेरे भाई डूब गए, जबकि शक्तिनगर में रिंहद डैम में नहाने गए दो किशोर लापता हो गए। पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं, लेकिन रात्रि का अंधेरा और पानी की गहराई राहत कार्य में बड़ी चुनौती बन गई है। इन दो घटनाओं ने पूरे जिले को चिंता और शोक में डाल दिया है।

नदी में नहाने गए थे ममेरे व फुफेरे भाई
सोनभद्र। पहली घटना कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव की है। यहां 14 वर्षीय पवन कुमार और 13 वर्षीय कृष्णा निषाद सोन नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। दोनों आपस में ममेरे और फुफेरे भाई बताए जा रहे हैं। डूबते देख स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना के बाद पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ओबरा एसडीएम समेत कई अधिकारी राहत एवं खोज अभियान की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरों की तलाश की जा रही है।

कोटा बस्ती के पास डैम में नहाते समय हादसा
सोनभद्र। वहीं दूसरी घटना शक्तिनगर थाना क्षेत्र के कोटा बस्ती की है। यहां पियूष पुत्र मिथिलेश सिंह और अंकित पुत्र उदयदास, दोनों लगभग 17 वर्ष के किशोर, रिंहद डैम में नहाने गए थे। शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी सत्येंद्र राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने एसडीआरएफ को भी सूचना दे दी है ताकि तलाश अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके। हालांकि अंधेरा होने और डैम की गहराई के कारण राहत कार्य में दिक्कतें सामने आ रही हैं।

चार किशोर जल में समाए
सोनभद्र। एक ही दिन में जिले के दो अलग-अलग जलाशयों में चार किशोरों के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थलों पर उम्मीद और चिंता के बीच परिजन अपनों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। जैसे-जैसे रात गहराती जा रही है, वैसे-वैसे परिवारों की बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। वहीं पुलिस और प्रशासन का कहना है कि हालात के अनुरूप हर संभव प्रयास कर चारों किशोरों की तलाश की जा रही है।
Author Profile

Latest entries
सम्पादकीयJuly 22, 2026सोनभद्र में कुदरत का कहर, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
सम्पादकीयJuly 22, 2026ब्रेकिंग। आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत
सम्पादकीयJuly 22, 2026ब्रेकिंग। बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेशJuly 21, 2026दिल्ली की आज पहुंची सोनभद्र सड़क पर उतरी सपा, कांग्रेस
