
सोनभद्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। उधर, जिले के प्रमुख बांधों में लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ओबरा डैम का जलस्तर 193 मीटर के पार पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गेट नंबर आठ को करीब तीन फीट खोलकर पानी रेणु नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी में तेज बहाव देखा जा रहा है। रिहंद डैम का जलस्तर भी 263 मीटर तक पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि के चलते पांच फाटक खोले जाने की स्थिति बन रही है। वहीं नगवां और धंधरौल डैम भी अपनी क्षमता के करीब पहुंच चुके हैं। कनहर डैम से भी पानी छोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि जिले के प्रमुख बांध करीब 98 प्रतिशत तक भर चुके हैं। कनहर डैम का जलस्तर करीब 262 मीटर पहुंचने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर चार फाटक खोले गए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के बीच नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। सोन नदी का जलस्तर 168.40 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान से महज 2.6 मीटर नीचे है। नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने चकाड़ी, गुरूच, महलपुर, गोटानी, खैरटिया, वर्दिया और सिंदुरिया समेत सात गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को नदी और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए 1 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन और राहत टीमें अलर्ट मोड पर हैं। सोनभद्र में एक ओर भारी बारिश जारी है तो दूसरी ओर बांधों और नदियों का बढ़ता जलस्तर खतरे की घंटी बजा रहा है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रखना और डूबे किशोर की तलाश के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर है।
Author Profile

Latest entries
सुःख दुःखSeptember 1, 2026बाढ़ के पानी में डूबा किशोर, तलाश जारी
उत्तरप्रदेशSeptember 1, 2026सोनभद्र में बाढ़ का बड़ा खतरा, पांच बड़े बांध खतरे के करीब
उत्तरप्रदेशSeptember 1, 2026सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से चोपन-बाड़ी मार्ग जलमग्न, ग्रामीणों का सड़क संपर्क टूटा, नाव के सहारे आवागमन
अपराधAugust 31, 2026अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मामले में तीन गिरफ्तार
















