गिरीश तिवारी/AKD
सोनभद्र। जनपद में एक बार फिर प्रेम प्रसंग ने ऐसा मोड़ लिया कि देखते ही देखते मामला हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चुर्क चौकी अंतर्गत प्रकाश गार्डेन के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और शादी की जिद को लेकर हंगामा करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन किसी कारणवश बात नहीं बन पा रही थी। इसी से आहत होकर उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया और सीधे ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई युवक को नीचे उतरने के लिए आवाज लगाता रहा, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। टॉवर पर चढ़े युवक ने नीचे खड़े लोगों और पुलिस के सामने साफ तौर पर अपनी मांग रखी कि जब तक उसकी प्रेमिका से शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस दौरान वह कई बार टॉवर पर इधर-उधर घूमता नजर आया, जिससे नीचे खड़े लोगों की सांसें थम सी गईं और किसी अनहोनी की आशंका बढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेने की कोशिश शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। काफी देर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती रही, जिससे स्थिति को संभालना पुलिस के लिए चुनौती बन गया। हालांकि पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए युवक से संवाद बनाए रखा और उसे समझाने-बुझाने का सिलसिला जारी रखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक काफी समय से प्रेम संबंध में था और शादी को लेकर दबाव बना रहा था। लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने यह खतरनाक रास्ता अपना लिया। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भावनात्मक आवेश में लोग किस हद तक जा सकते हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को सकुशल नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और हर कोई इस बात की दुआ कर रहा है कि युवक सुरक्षित नीचे आ जाए और कोई अनहोनी न हो।
Author Profile

Latest entries
सम्पादकीयAugust 8, 202625 हजार का इनामी गौ-तस्कर गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद से चल रहा था फरार
सम्पादकीयAugust 6, 2026सोनभद्र की पहचान और डाला मलीन बस्ती बचाने की मुहिम, विधायक भूपेश चौबे ने मुख्यमंत्री को भेजे दो अहम प्रस्ताव
Breaking_NewsAugust 4, 2026पुलिस विभाग ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को सड़क पर उतार….
उत्तर प्रदेशAugust 4, 2026श्रावण मास में शिवभक्तों की भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट
