मिशन शक्ति अभियान के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करना

Share

सोनभद्र में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस महकमा लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा बैठक कर महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।पुलिस लाइन चुर्क सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा जनपद के सभी थाना स्तर पर संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी संचालन, केंद्रों के सुंदरीकरण, पीड़ित महिलाओं की संवेदनशील काउंसलिंग, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं और बालिकाओं के लिए सहायता, सुरक्षा और विश्वास का केंद्र बने, जहां आने वाली हर पीड़िता के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक के अंत में मिशन शक्ति केंद्रों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया और भविष्य में भी पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए महिला सुरक्षा को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना प्राथमिकता है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!