
सरकारी भांग की दुकान की आड़ में गांजे का अवैध कारोबार उड़ीसा से गांजे की थोक खेप मंगाकर पूर्वांचल के कई जिलों में सप्लाई का नेटवर्क और इस पूरे खेल में शामिल आरोपी पर पुलिस ने घोषित कर रखा था 10 हजार रुपये का इनाम। सोनभद्र की शाहगंज पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे शनी कुमार जायसवाल को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर वर्ष 2014 से गांजे के अवैध कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल में जुटी है। सोनभद्र की शाहगंज पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त शनी कुमार जायसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे 13 नवंबर की शाम करीब पांच बजे बीएलडब्ल्यू के सामने महमूरगंज से चितईपुर जाने वाली सड़क पर दबिश देकर पकड़ा। आरोपी मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र के खुटहां गांव का निवासी है और वर्तमान में वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ शाहगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी से बचने के कारण उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई सुरेंद्र जायसवाल के साथ काफी समय से गांजे के अवैध कारोबार में शामिल था। दोनों भाई मिलकर गांजे की खरीद और बिक्री करते थे। पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, वर्ष 2014 में शनी के भाई सुरेंद्र जायसवाल ने राबर्ट्सगंज स्थित शीतला मंदिर के पास सरकारी भांग की दुकान पर पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम किया था। इसी दौरान सरकारी दुकान की आड़ में उड़ीसा से गांजा मंगाकर बेचने का काम शुरू करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, उड़ीसा से गांजे की थोक खेप मंगाई जाती थी और मिर्जापुर के सुनसान स्थानों पर उतरवाकर वहां से वाहनों के जरिए आसपास के जिलों में सप्लाई की जाती थी। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से दोनों भाई आर्थिक और भौतिक लाभ अर्जित करते थे। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। सरकारी दुकान की आड़ में तस्करी का कथित खेल, उड़ीसा से पूर्वांचल तक गांजे का नेटवर्क अब 10 हजार का इनामी पुलिस की गिरफ्त में।
Author Profile

Latest entries
उत्तरप्रदेशNovember 15, 2026छठ पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी अभिषेक वर्मा ने चोपन-ओबरा घाटों का किया निरीक्षण
उत्तरप्रदेशNovember 15, 2026छठ महापर्व, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
अपराधNovember 15, 2026मां के साथ अवैध संबंध के विवाद में हत्या,आरोपी गिरफ्तार
देशNovember 15, 2026तीन दशक की जनसेवा और उत्कृष्ट पुलिस नेतृत्व को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान
















