
सोनभद्र में जनसेवा केंद्रों की CSC आईडी का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जिस व्यवस्था का इस्तेमाल आम लोगों को सरकारी और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है, उसी व्यवस्था की आईडी और पासवर्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जा रहे थे। जनसेवा केंद्रों की बंद पड़ी आईडी को दोबारा चालू कराने का झांसा देकर संचालकों से गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी। इसके बाद आईडी का पासवर्ड बदलकर उसे साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिया जाता था। इतना ही नहीं, दूसरे लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी CSC आईडी भी तैयार की जा रही थीं। साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर इस पूरे खेल का खुलासा किया है। सोनभद्र में साइबर ठगी का एक ऐसा नेटवर्क सामने आया है, जिसमें सरकारी डिजिटल सेवाओं से जुड़ी जनसेवा केंद्रों की CSC आईडी ही साइबर अपराधियों का हथियार बन गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी की पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य जनसेवा केंद्र संचालकों को निशाना बनाकर उनकी आईडी और पासवर्ड हासिल करते थे और फिर उनका इस्तेमाल साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए कराया जाता था।

मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर क्राइम पुलिस थाना ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 13/2026, धारा 318(4) और 66(D) के तहत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे खेल में संविदा पर जनसेवा केंद्रों से संबंधित कार्य करने वाले अभियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय की अहम भूमिका सामने आई है।ठगी का तरीका भी बेहद शातिराना था। गिरोह के सदस्य जनपद में संचालित जनसेवा केंद्रों की निष्क्रिय यानी Inactive CSC ID को दोबारा एक्टिव कराने का भरोसा देते थे। संचालक जैसे ही अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते, अभियुक्त पासवर्ड बदलकर उस आईडी का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेते थे। इसके बाद इन आईडी को साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिया जाता था। जनसेवा केंद्र संचालक को लगता था कि उसकी बंद पड़ी आईडी चालू हो रही है, लेकिन पर्दे के पीछे उसी आईडी का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था। पुलिस के जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य दूसरे लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई CSC आईडी बनवाते थे। इसके बाद फर्जी तरीके से उनका सत्यापन कराकर आईडी एक्टिवेट कराई जाती थी और फिर साइबर अपराधियों को सौंप दी जाती थी। पुलिस जांच में सुकृत निवासी विशाल पटेल का मामला भी सामने आया है। बताया गया कि विशाल पटेल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से CSC आईडी तैयार की गई और उसका सत्यापन भी कराया गया। संबंधित स्थान पर पहले से ओम कम्प्यूटर, सुकृत संचालित था। छात्र सुशील कुमार के नाम पर भी CSC आईडी बनाए जाने और उसका साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जाने की बात जांच में सामने आई है। फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितनी CSC आईडी का इस्तेमाल साइबर अपराध में किया गया है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।सवाल यह है कि आम लोगों के दस्तावेजों और जनसेवा केंद्रों की आईडी की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिन व्यवस्थाओं पर है, उन्हीं से जुड़ी आईडी साइबर अपराधियों तक कैसे पहुंच रही थीं? पुलिस की इस कार्रवाई ने CSC आईडी की सुरक्षा और उनके सत्यापन की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author Profile

Latest entries
उत्तरप्रदेशNovember 12, 2026सोनभद्र। हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तरप्रदेशNovember 12, 2026भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष की पहल पर जरूरतमंदों की आंखों में लौटेगी रोशनी
अपराधNovember 12, 2026डीजल चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
अपराधNovember 12, 2026साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
















