
सोनभद्र में करीब 4 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रॉबर्ट्सगंज स्थित हनुमत सोलर हाउस फर्म में करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी और सोशल मीडिया पर AI जनरेटेड लड़की की तस्वीर के जरिए फर्म संचालक की छवि खराब करने के आरोपों में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 69 हजार 500 रुपये नकद, पांच मोबाइल, एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड और स्कॉर्पियो-एन गाड़ी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में फर्म का पूर्व मैनेजर भी शामिल है। करोड़ों का कथित गबन फिर सोशल मीडिया पर बदनाम करने की कथित साजिश… और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलने का आरोप। सोनभद्र के हनुमत सोलर हाउस मामले में अब पुलिस ने शिकंजा कस दिया है।पूरा मामला रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी स्थित हनुमत सोलर हाउस फर्म से जुड़ा है। फर्म संचालक विकास सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने पूर्व मैनेजर हरिगोविन्द सिंह पटेल समेत अन्य पूर्व कर्मचारियों पर करीब चार करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगाया था।आरोप है कि फर्म संचालक की गैरमौजूदगी में कर्मचारियों ने कथित तौर पर करोड़ों रुपये की हेराफेरी की। इतना ही नहीं, शिकायत के मुताबिक गबन की रकम की वसूली के लिए पुलिस में शिकायत किए जाने से बचने के उद्देश्य से आरोपियों ने आपस में साजिश रची और AI से तैयार लड़की की तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्म संचालक की छवि धूमिल करने की कोशिश की।आरोप है कि फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए भ्रामक सामग्री प्रसारित कर फर्म की साख को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।मामले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 894/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 67 में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना और साइबर सेल से मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस ने प्रयागराज में घेराबंदी की।रामबाग रेलवे स्टेशन के पास खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो-एन में मौजूद तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिगोविन्द सिंह पटेल, विरेन्द्र प्रताप केशरी और इन्द्रेश सिंह पटेल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक हरिगोविन्द सिंह पटेल इसी फर्म में पूर्व मैनेजर के पद पर कार्यरत था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 69 हजार 500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एसर कंपनी का एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निर्वाचन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा घटना से संबंधित बताई जा रही स्कॉर्पियो-एन गाड़ी भी पुलिस ने कब्जे में ली है। आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही।फिलहाल करीब चार करोड़ रुपये के कथित गबन का यह मामला सिर्फ आर्थिक हेराफेरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें AI जनरेटेड तस्वीर और सोशल मीडिया के कथित दुरुपयोग का पहलू भी सामने आया है। अब देखना होगा कि पुलिस की आगे की जांच में कथित गबन की रकम, सोशल मीडिया पर सामग्री प्रसारित करने की साजिश और अन्य संभावित आरोपियों को लेकर क्या खुलासे होते हैं।
Author Profile

Latest entries
उत्तर प्रदेशNovember 20, 2026निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन
अपराधNovember 20, 2026पुलिस के एक सिपाही ने ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया, जानकर उड़ जाएगा होश
अपराधNovember 20, 2026हनुमत सोलर हाउस फर्म में करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने वाले तीन गिरफ्तार
उत्तरप्रदेशNovember 20, 2026सोनभद्र में 91 किलोमीटर NH-39 होगा फोरलेन, अनपरा और रेणुकूट को जाम से मिलेगी राहत
















