
सोनभद्र। पांच साल से लापता बेटी की तलाश में परिवार की उम्मीदें लगभग टूट चुकी थीं, लेकिन सोनभद्र पुलिस के एक सिपाही ने ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया कि राजस्थान में रह रही बेटी तक पुलिस पहुंच गई। न कोई पुरानी तस्वीर, न वर्तमान हुलिया की जानकारी। पुलिस के पास सिर्फ बचपन की एक फोटो थी। इसी फोटो को ChatGPT और Google Gemini AI की मदद से वर्तमान उम्र के अनुरूप तैयार किया गया और आखिरकार पांच साल से लापता मंजू देवी को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया गया। इस अनूठे काम के लिए सिपाही विजय पाण्डेय को पुलिस महानिदेशक ने पांच हजार और एसपी सोनभद्र ने 2100 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। तकनीक अगर सही हाथों में हो तो मुश्किल से मुश्किल गुत्थी भी सुलझाई जा सकती है। सोनभद्र पुलिस के एक सिपाही ने इसका उदाहरण पेश किया है। जहां पांच साल से लापता एक महिला की तलाश में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी पहचान करना था, वहीं एक पुरानी बचपन की तस्वीर ने पूरी जांच की दिशा बदल दी। मामला बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव का है। यहां की रहने वाली मंजू देवी करीब पांच साल पहले लापता हो गई थीं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इस मामले में 14 जुलाई 2026 को बभनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर महिला की तलाश की जा रही थी। लेकिन पुलिस के सामने सबसे बड़ी समस्या यह थी कि परिजनों और ससुराल पक्ष के पास महिला की कोई वर्तमान तस्वीर उपलब्ध नहीं थी। इसी दौरान विवेचना के क्रम में पुलिस को संबंधित विद्यालय से वर्ष 2007 में कक्षा चार में पढ़ाई के दौरान छात्रवृत्ति फॉर्म में लगी मंजू की बचपन की तस्वीर मिल गई। लेकिन बचपन की तस्वीर से करीब 30 साल की महिला की पहचान करना आसान नहीं था। यहीं पर बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। उन्होंने मंजू की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए ChatGPT और Google Gemini AI की मदद से उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की। जब यह तस्वीर परिजनों को दिखाई गई तो उन्होंने महिला की पहचान मंजू देवी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने तस्वीर और विवेचना में जुटाई गई अन्य जानकारियों के आधार पर तलाश तेज की। आखिरकार 16 अक्टूबर 2026 को आरक्षी विजय पाण्डेय राजस्थान के चूरू जनपद के हमीरवास थाना क्षेत्र स्थित गोविन्द सिंह का बास गांव पहुंच गए। यहां से पांच साल से लापता मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक मंजू वहां अपने पति उमेन्द्र के साथ रह रही थीं और उनके दो बच्चे भी हैं।
इस पूरे मामले में AI तकनीक का इस्तेमाल पुलिस के लिए मददगार साबित हुआ। आरक्षी विजय पाण्डेय के इस कार्य की सराहना करते हुए पुलिस महानिदेशक लखनऊ की ओर से उन्हें पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया। खास बात यह है कि सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को ChatGPT और Google Gemini जैसी आधुनिक AI तकनीकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
सोनभद्र की इस कार्रवाई ने यह दिखाया है कि पुलिस की सूझबूझ, मेहनत और आधुनिक तकनीक का सही इस्तेमाल किसी गुमशुदा की तलाश में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पांच साल पुरानी बचपन की तस्वीर से वर्तमान उम्र का चेहरा तैयार कर महिला तक पहुंचना पुलिस की जांच में तकनीक के इस्तेमाल का एक उल्लेखनीय उदाहरण बन गया है।
Author Profile

Latest entries
उत्तर प्रदेशNovember 20, 2026निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन
अपराधNovember 20, 2026पुलिस के एक सिपाही ने ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया, जानकर उड़ जाएगा होश
अपराधNovember 20, 2026हनुमत सोलर हाउस फर्म में करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने वाले तीन गिरफ्तार
उत्तरप्रदेशNovember 20, 2026सोनभद्र में 91 किलोमीटर NH-39 होगा फोरलेन, अनपरा और रेणुकूट को जाम से मिलेगी राहत
















