हेरोइन तस्करी से खड़ी की गई 87 लाख की संपत्ति कुर्क, ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस का बड़ा प्रहार

Advertisement
HIGHLIGHTS
  • नशे के सौदागरों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
  • हेरोइन तस्करी के जरिए अवैध कमाई कर संपत्ति खड़ी करने वालों पर अब पुलिस आर्थिक चोट कर रही है।
  • सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत
  • एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी के मामले में जेल में बंद आरोपी सुधीर उर्फ छोटे की पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया के नाम पर बने करीब 87 लाख रुपये के मकान…
Share

नशे के सौदागरों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। हेरोइन तस्करी के जरिए अवैध कमाई कर संपत्ति खड़ी करने वालों पर अब पुलिस आर्थिक चोट कर रही है। सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी के मामले में जेल में बंद आरोपी सुधीर उर्फ छोटे की पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया के नाम पर बने करीब 87 लाख रुपये के मकान को पुलिस ने कुर्क कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों की संपत्तियों को चिह्नित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम ओबरा रवि कुमार और सीओ सिटी रणधीर मिश्रा समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

पूरा मामला चोपन थाना क्षेत्र के डाला चढ़ाई का है। पुलिस के मुताबिक, हेरोइन तस्करी से अर्जित अवैध धनराशि से सुधीर उर्फ छोटे ने अपनी पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया के नाम पर मकान का निर्माण कराया था। मकान संख्या 40026 स्थित इस अचल संपत्ति की कीमत 87 लाख 4 हजार 283 रुपये 59 पैसे आंकी गई है। सक्षम प्राधिकारी एवं एनडीपीएस अधिनियम के तहत नई दिल्ली से जारी आदेश के अनुपालन में 22 नवंबर को इस संपत्ति को फ्रीज और कुर्क करने की कार्रवाई की गई। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत हुई इस कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा की मौजूदगी में पुलिस ने मकान पर कुर्की की कार्रवाई पूरी की।

Advertisement

दरअसल, 11 सितंबर 2026 को चोपन थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपये बताई थी। इसी मामले में दर्ज मुकदमे में अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि छह अन्य आरोपी अभी भी वांछित हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस मामले में सुधीर उर्फ छोटे भी जेल में निरुद्ध है। उसकी पत्नी सुनीता देवी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दंपती का आपराधिक इतिहास भी रहा है और दोनों पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में नामजद रहे हैं।

वहीं, इस कार्रवाई के साथ सोनभद्र पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई का दायरा भी स्पष्ट किया है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68E और 68F के तहत जनपद में अब तक सात अलग-अलग मामलों में कुल 6 करोड़ 43 लाख 29 हजार 978 रुपये 59 पैसे की संपत्ति जब्त और फ्रीज की जा चुकी है। इसमें रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े मामले की करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति, अनपरा में हेरोइन तस्करी से जुड़ी करीब 26 लाख रुपये की संपत्ति, शक्तिनगर और म्योरपुर के मामलों में करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियां तथा अब चोपन में 87 लाख रुपये से अधिक कीमत का मकान शामिल है। यानी पुलिस अब सिर्फ नशे के कारोबारियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अवैध आर्थिक साम्राज्य पर भी सीधा प्रहार कर रही है।

एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी कर अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान, गिरफ्तारी और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साफ है कि सोनभद्र में अब नशे के सौदागरों पर पुलिस का प्रहार सिर्फ गिरफ्तारी तक नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्ति तक पहुंच रहा है।

Advertisement

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News
SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Public Bharat News
Public Bharat News ✓
Public Bharat News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा खबरें