गिरीश तिवारी /AKD
सोनभद्र पुलिस और एसटीएफ लखनऊ यूनिट को एक बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब एक करोड़ 16 लाख रुपये मूल्य की गांजे की खेप, डीसीएम वाहन, कार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस और एसटीएफ लखनऊ यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा डीसीएम वाहन के जरिए उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसटीएफ की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया और मुखबिर की सूचना पर एक डीसीएम तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान डीसीएम में जड़ी-बूटी की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया 08 कुंतल 684 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं डीसीएम, कार, मोबाइल फोन, दो आईफोन और नकदी समेत कुल बरामदगी का मूल्य लगभग एक करोड़ 16 लाख रुपये आंका गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क है, जो ओडिशा से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में सप्लाई करता था। गिरोह के सदस्य गांजे को जड़ी-बूटी और अन्य सामान के बीच छिपाकर ले जाते थे, ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके। पुलिस के मुताबिक तस्करी के दौरान एक लग्जरी कार को एस्कॉर्ट वाहन के रूप में आगे चलाया जाता था, जो रास्ते में पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखती थी। पुलिस से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार मोबाइल नंबर और सिम बदलते थे तथा आपसी बातचीत में कोड वर्ड का इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों और खरीददारों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से प्रदेश में सक्रिय एक बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

Author Profile

Latest entries
सम्पादकीयAugust 8, 202625 हजार का इनामी गौ-तस्कर गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद से चल रहा था फरार
सम्पादकीयAugust 6, 2026सोनभद्र की पहचान और डाला मलीन बस्ती बचाने की मुहिम, विधायक भूपेश चौबे ने मुख्यमंत्री को भेजे दो अहम प्रस्ताव
Breaking_NewsAugust 4, 2026पुलिस विभाग ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को सड़क पर उतार….
उत्तर प्रदेशAugust 4, 2026श्रावण मास में शिवभक्तों की भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट
