
सोनभद्र में दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को लेकर सोनभद्र पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन चुर्क में मासिक अपराध समीक्षा बैठक कर अपराध नियंत्रण से लेकर त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था तक की तैयारियों का जायजा लिया। एसपी ने साफ निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाए। वहीं, लंबित विवेचनाओं, वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा जनशिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित अभियोजन, आबकारी, होमगार्ड, जीआरपी, आरपीएफ और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सबसे पहले सैनिक सम्मेलन में एसपी ने पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बाद मासिक अपराध समीक्षा बैठक में वाहन चोरी, नकबजनी, अन्य चोरी की घटनाओं, वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा लंबित गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन की समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई, थानों में जमा माल मुकदमाती का निस्तारण, साइबर अपराध, गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी हुई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए। वहीं, 60 और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, चित्रगुप्त जयंती और डाला छठ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर पैदल गश्त बढ़ाने तथा रात्रिकालीन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। पटाखा दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन कराने, प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और छठ घाटों पर सुरक्षा, प्रकाश एवं भीड़ नियंत्रण के इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही पीस कमेटियों की बैठकें आयोजित करने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
Author Profile

Latest entries
उत्तर प्रदेशOctober 30, 2026त्योहारों में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी
अपराधOctober 30, 2026पुलिस का तीन दिवसीय अभियान समाप्त, 83 वारंटी व 10 वांछित समेत 93 अभियुक्त गिरफ्तार
सोनभद्रOctober 30, 2026पांच दिवसीय राष्ट्रीय तकनीकी कार्यक्रम का हुआ समापन
सोनभद्रOctober 30, 2026दो मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन गंभीर
















