
सोनभद्र। बच्चों का बचपन सुरक्षित रहे, उन्हें शोषण, अपराध और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों का शिकार न होना पड़े… इसके लिए सोनभद्र पुलिस ने अब रोकथाम से लेकर संरक्षण और पुनर्वास तक की रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। पुलिस लाइन चुर्क में विशेष किशोर पुलिस इकाई और मानव तस्करी रोधी इकाई की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बाल अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह और पीड़ित बच्चों के संरक्षण से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सोनभद्र में बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। सोमवार को पुलिस लाइन चुर्क के सभागार में एसजेपीयू यानी विशेष किशोर पुलिस इकाई और एएचटीयू यानी मानव तस्करी रोधी इकाई की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बाल अपराधों की रोकथाम और संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों के हितों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में विधि का उल्लंघन करने वाले किशोरों और देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई।

किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों में पीड़िताओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने तथा पॉक्सो प्रकरणों में प्रारूप क और प्रारूप ख भरने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।इतना ही नहीं, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी अंकुश लगाने और बच्चों को यौन अपराधों से बचाने के लिए विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने पर जोर दिया गया। बैठक में बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों और विवेचकों के सामने आने वाली समस्याओं को भी सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

खास बात यह रही कि बैठक में पुलिस के साथ बाल कल्याण समिति, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, किशोर न्याय बोर्ड, बालिका गृह और वन स्टॉप सेंटर के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। उद्देश्य साफ है कि बच्चों से जुड़े मामलों में केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर उनकी सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।बैठक में संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर बाल अपराधों और मानव तस्करी पर प्रभावी रोकथाम की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
Author Profile

Latest entries
अपराधNovember 24, 2026विवाहिता की मौत से सनसनी, पति पर ही हत्या का आरोप
उत्तरप्रदेशNovember 24, 2026वोटर लिस्ट में युवाओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य पूरा करें अधिकारी-डीएम
सोनभद्रNovember 24, 2026अपराधियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस की कवायद तेज, पैरोकारों को मिली सख्त हिदायत
अपराधNovember 24, 2026बभनी में लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, जांच की मांग
















