हिंदुआरी में बनने जा रही यह आत्मनिर्भर वृहद गौशाला

Share

सोनभद्र में बेसहारा गोवंश के संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। नई हिंदुआरी में अब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से आत्मनिर्भर वृहद गौशाला बनाई जाएगी। डीएमएफ फंड से बनने वाली इस गौशाला को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि यहां वर्मी कम्पोस्ट यूनिट भी स्थापित होगी, जिससे होने वाली आय से गौशाला का संचालन आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सोनभद्र में निराश्रित और बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए नई हिंदुआरी में वृहद गौशाला का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इसका निर्माण डीएमएफ फंड से होगा। गौशाला में गोवंश के सुरक्षित आवास के लिए दो आधुनिक शेड बनाए जाएंगे, जिन पर लगभग 82 लाख 88 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं, सालभर चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए करीब 12 लाख 67 हजार रुपये की लागत से चारा भंडारण कक्ष भी तैयार किया जाएगा। इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि गौशाला परिसर में करीब 15 लाख रुपये की लागत से वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित की जाएगी। गोबर से बनने वाली जैविक खाद की बिक्री से होने वाली आय का उपयोग गोवंश के चारा, पानी, उपचार और अन्य व्यवस्थाओं पर किया जाएगा, जिससे गौशाला आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि गौशाला में स्वच्छ पेयजल, नियमित टीकाकरण, पशु चिकित्सा सुविधा और गोवंश की समुचित देखभाल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जैविक खेती को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हिंदुआरी में बनने जा रही यह आत्मनिर्भर वृहद गौशाला न केवल बेसहारा गोवंश के लिए सुरक्षित आश्रय बनेगी, बल्कि जैविक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी नई दिशा देने वाली एक मॉडल परियोजना साबित हो सकती है।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!