पर्यावरण दिवस पर नौजवान किसान संघर्ष मोर्चा ने लिया यह संकल्प…

Share

सोनभद्र में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक अनोखा और संदेशात्मक प्रदर्शन देखने को मिला। हाथों में फलदार पौधे लेकर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और नौजवान कलक्ट्रेट पहुंचे। पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए प्रदर्शनकारियों ने जंगलों की सुरक्षा और जनपद के विकास से जुड़ी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। इस दौरान नौजवान किसान संघर्ष मोर्चा ने दो लाख फलदार पौधे लगाने के अभियान का भी शुभारंभ किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधों के साथ हुए इस अनोखे प्रदर्शन ने जहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं जनपद में वानिकी विश्वविद्यालय और तेंदुआ सफारी जैसी विकासपरक मांगों को भी मजबूती से उठाया। अब देखना होगा कि शासन स्तर पर इन मांगों पर कितना गंभीरता से विचार किया जाता है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरुवार को नौजवान किसान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में फलदार पौधे लेकर जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और किसान शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपद के प्रत्येक परिवार तक एक फलदार वृक्ष पहुंचाने और उसे सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। हाथों में पौधे लेकर पहुंचे लोगों का हुजूम देखकर कलक्ट्रेट परिसर में मौजूद हर व्यक्ति इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए ठहर गया। इस अवसर पर मोर्चा ने वर्ष 2026 में जनपद भर में दो लाख फलदार पौधे लगाने के अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में जनपद सोनभद्र में वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना और तेंदुआ सफारी विकसित किए जाने की मांग उठाई गई। मोर्चा का कहना है कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन क्षेत्र का विकास होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Author Profile

Public Bharat News
Public Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!