
सोनभद्र में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आस्था और परंपरा का एक ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां खौलते दूध से स्नान करते पुजारी को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे। खास बात यह रही कि पुजारी ने खौलते दूध से भरे मटके में अपना सिर डुबोया और फिर पूरा दूध अपने ऊपर उड़ेल लिया। यह कोई पहली बार का आयोजन नहीं, बल्कि यादव समाज की सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा बताया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट आस्था और भक्ति के प्रतीक के रूप में यह अनुष्ठान किया जाता है। दरअसल, रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के मारकुंडी घाटी स्थित ऐतिहासिक वीर लोरिक पत्थर स्थल पर गोवर्धन पूजा के अवसर पर यादव समाज द्वारा विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान परंपरा के अनुसार पुजारी राजेंद्र यादव ने खौलते दूध से स्नान का अनुष्ठान किया। खौलते दूध से भरे मटके में सिर डुबोने से लेकर दूध को अपने ऊपर उड़ेलने तक का दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस अद्भुत अनुष्ठान को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। पुजारी राजेंद्र यादव का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनकी अटूट आस्था ही इस अनुष्ठान का आधार है और खौलते दूध की गर्मी उन्हें प्रभावित नहीं करती। वहीं स्थानीय लोगों की मान्यता है कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और इसे पुजारी ही संपन्न करते हैं। लोगों का दावा है कि खौलते दूध में कोई दूसरा व्यक्ति हाथ तक नहीं डाल सकता। दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा पर हर वर्ष होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ यादव समाज की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बना हुआ है। हजारों लोगों की मौजूदगी, भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे और खौलते दूध से स्नान करते पुजारी का अद्भुत दृश्य, मारकुंडी घाटी का वीर लोरिक पत्थर स्थल एक बार फिर इस अनूठी परंपरा का साक्षी बना। आस्था से जुड़ी यह परंपरा आज भी लोगों के बीच आकर्षण और चर्चा का विषय बनी हुई है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी घाटी स्थित वाराणसी – शक्तिनगर मुख्य मार्ग से सटे वीर लोरिक पत्थर स्थल पर आयोजित हुआ परम्परागत कार्य।
Author Profile

Latest entries
उत्तर प्रदेशNovember 10, 2026लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट
उत्तर प्रदेशNovember 10, 2026खौलते दूध से पुजारी ने किया स्नान, सिर पर उड़ेला दूध से भरा मटका
उत्तरप्रदेशNovember 8, 2026अब सोनभद्र में ही होगी कमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच, दीपक ट्रांसपोर्ट एजेंसी ने शुरू किया आधुनिक ATS सेंटर
उत्तर प्रदेशNovember 4, 2026बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता : स्वागतकर्ता के तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लगाई तस्वीर?
















